दुष्प्रचार के खिलाफ भाजपा प्रदेशभर में चलाएगी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान: धामी - News Debate

दुष्प्रचार के खिलाफ भाजपा प्रदेशभर में चलाएगी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान: धामी

पहले भी निकली है कांग्रेस की थूकने वाली यात्रा, जनता देख चुकी हस्र

प्रीतम सिंह के भाई से जुड़े वायरल ऑडियो प्रकरण की निष्पक्ष जाँच आवश्यक, पीड़ित के साथ खड़ी है सरकार 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान की जानकारी देते हुए कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि होता है, लेकिन कांग्रेस चुनावी पराजय स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा करने का प्रयास कर रही है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि अभियान दो चरणों में चलाया जाएगा। पहला चरण 22 अक्टूबर से पांच नवंबर तक और दूसरा चरण 11 नवंबर से 30 नवंबर तक होगा। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को श्रीनगर, दो नवंबर को देहरादून और तीन नवंबर को ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में पदयात्राएं निकाली जाएंगी। देहरादून में प्रस्तावित पदयात्रा में 10 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर चुनावी हार स्वीकार नहीं करने और संवैधानिक संस्थाओं तथा चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि है और विपक्ष को सरकार की आलोचना करने का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर हिंसा और अराजकता फैलाना स्वीकार्य नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की चुनावी पराजयों का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी को संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के बजाय अपनी विफलताओं के कारणों पर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने वर्ष 2025 में पदभार संभाला, जबकि कांग्रेस की चुनावी पराजयों का सिलसिला उससे पहले से जारी है।

सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने राजनीतिक उद्देश्यों के लिए युवाओं को गुमराह कर रही है। युवाओं की ऊर्जा का इस्तेमाल शिक्षा, रोजगार, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में होना चाहिए, न कि टकराव और अराजकता में। उन्होंने कहा कि भारत में राजनीतिक परिवर्तन का माध्यम संविधान और जनता का जनादेश है।

कांग्रेस की न्याय यात्रा पर सवाल

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की प्रस्तावित न्याय यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को पहले अपने शासनकाल में किए गए कार्यों का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि वह किन मुद्दों पर न्याय की मांग कर रही है और इसके लिए उसके पास क्या ठोस योजना है। सीएम ने कहा कि कांग्रेस की यह नयी यात्रा नही, बल्कि पहले भी जनता पर थूकने वाली यात्रा निकल चुकी है। जनता ने अपमान मे कांग्रेस का क्या हस्र किया यह किसी से छिपा नही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी वर्गों के सम्मान, सामाजिक समरसता और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अपने अभियान के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाएगी।

वायरल ऑडियो प्रकरण की निष्पक्ष जांच पर जोर

कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह के भाई से जुड़े वायरल ऑडियो प्रकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मामले की पार्टी स्तर पर भी जांच की जा रही है, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें। धामी ने कहा कि सरकार पीड़ित के साथ खड़ी है और किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जनता के बीच सरकार के कार्यों की जानकारी पहुंचाना है।

इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट,प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, दीप्ति रावत, मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी,सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी,ममता काले, कमलेश रमन सहित उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *