हरिद्वार/देहरादून। जनपद में ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा चालकों द्वारा यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने की शिकायतों पर परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा और एआरटीओ (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा की अगुवाई में एक विशेष और आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने खुद आम यात्री बनकर ऑटो और विक्रम में सफर किया, ताकि वास्तविक स्थिति का जायजा लिया जा सके। जांच के दौरान रानीपुर मोड़ से रेलवे स्टेशन तक निर्धारित 50 रुपये किराए की जगह यात्रियों से 300 रुपये मांग रहे दो विक्रम वाहनों को रंगे हाथ पकड़ा गया। अधिक किराया वसूलने के आरोप में दोनों विक्रमों को तुरंत जब्त कर चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दिनभर चले इस अभियान में कुल 105 वाहनों के चालान किए गए और 25 वाहनों को सीज किया गया। जब्त किए गए वाहनों में ओवरलोडिंग कर रहे तथा बिना पंजीकरण (बिना रजिस्ट्रेशन) के सड़क पर दौड़ रहे ई-रिक्शा भी शामिल हैं। चेकिंग टीम में परिवहन निरीक्षक अनिल, निपुल सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
परिवहन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों का शोषण, ओवरलोडिंग और अवैध वाहन संचालन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि तय किराए से अधिक वसूली या नियम उल्लंघन पर वाहन संख्या नोट कर तत्काल परिवहन विभाग को सूचित करें।