हरिद्वार में मध्यरात्रि हुई फायरिंग के मामले मे 01 आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार/ देहरादून। कोतवाली नगर पुलिस ने मध्यरात्रि हुई फायरिंग की सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जबकि वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

गौरतलब है कि गत 19 सितंबर को नगर निगम मायापुर निवासी एक महिला ने कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि लक्की और उसके साथी कबीर ने उनकी बहू पर फायरिंग कर दी, जिससे वह घायल हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के क्रम में गठित पुलिस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों व मुखबिर की मदद से मंगलवार (22 सितंबर) को वांछित आरोपी कबीर (22) पुत्र किशोर, निवासी गंगा आर्यनगर (थाना भवन, शामली, यूपी) को जल संस्थान की टंकी के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक (UP19X 2941) बरामद की है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है, वहीं अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नंदकिशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक ऋषिकांत पटवाल तथा कांस्टेबल जसवीर सिंह व सचिन पांडे शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *