कोहरा और बारिश बनी काल, मवेशियों को चरा रही महिला को गुलदार ने मारा - News Debate

कोहरा और बारिश बनी काल, मवेशियों को चरा रही महिला को गुलदार ने मारा

बागेश्वर। पहाड़ों मे घना कोहरा और बारिश मे हिंसक जंगली जानवरों का खतरा परेशानी का सबब बना हुआ है। घने कोहरे और बारिश मे गुलदार के हमले से एक महिला की जान चली गयी। घटना बागेश्वर जिले की कांडा तहसील की है। बताया जाता है कि बाझीरौट निवासी कमला देवी, पत्नी पूरन राम, मंगलवार को गांव के 19 परिवारों के लगभग 50 से अधिक गाय, बैल और बकरियों को चराने के लिए जंगल गई थीं। उनके साथ उनके पति पूरन राम भी थे। अचानक कमला देवी की चीख सुनाई दी। पति पूरन राम और पास में बकरियां चरा रहे पंकज राम मौके पर पहुंचे, तो कमला देवी लहूलुहान अवस्था में पड़ी मिलीं। उन्होंने बताया कि एक गुलदार को नीचे की ओर भागते हुए देखा। उस समय क्षेत्र में तेज बारिश और घना कोहरा होने के कारण गुलदार कुछ ही देर में ओझल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जबकि ग्रामीणों ने क्षेत्र में सक्रिय गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की है.

महिला के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद मौके से गुलदार को भागते हुए देखने का दावा किया गया है। पुलिस और वन विभाग इसे प्रथम दृष्टया गुलदार का हमला मान रहे हैं, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। कमला देवी अपने पीछे पति और चार बच्चों का परिवार छोड़ गई हैं. उनका बड़ा पुत्र बबलू कुमार विवाहित है और परिवार के साथ बाहर रहता है। दो पुत्रियों का विवाह हो चुका है, जबकि 23 वर्षीय पुत्र पुष्पेश कुमार अविवाहित है। 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *