सचिवालय मे निजी सचिव के पद पर तैनात है पति
मृतका को “मनहूस” कहकर प्रताड़ित करने का आरोप
देहरादून। हर्रावाला में रहने वाली टिहरी जिले में तैनात शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों मे हुई मौत के बाद परिजनों की शिकायत पर पति माँ और बहिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। शृष्टि की शादी के मात्र आठ महीने बाद हुई संदिग्ध मौत के मामले में सचिवालय में निजी सचिव के पद पर तैनात पति, मां व बहन पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि सृष्टि की 29 जुलाई को रहस्यमय तरीके से मौत हो गयी थी। 29 जुलाई की रात पोस्ट मार्टम होने के बाद 30 जुलाई की दोपहर हरिद्वार के खड़खड़ी शमशान घाट में सृष्टि का अंतिम संस्कार किया गया। सृष्टि की मां सीमा कंडारी की तहरीर पर डोईवाला थाने में बीएनएस की धारा 80 (2) के तहत 29 जुलाई को मामला दर्ज किया गया है।
बताया जाता है कि सृष्टि ने मौत से पहले एक वीडियो बनाकर अपनी पीड़ा भी व्यक्त की। उसने ससुरालियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। वीडियो बनाने के बाद सृष्टि की तबियत बिगड़ने पर ससुराली कैलाश हॉस्पिटल ले गए। जहां चिकित्सकों ने सृष्टि को मृत घोषित कर दिया। वीडियो मे श्रृष्टि ने ससुरलियों द्वारा उसे मनहूस कहने और उसके आने के बाद परिवार पर विपदा आने जैसे कई आरोप लगाकर उत्पीड़न किये जाने की बात कही।
राजकीय इंटर कालेज रिगोली (मल्ली), विकासखण्ड कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल में तैनात सृष्टि का नवंबर 2025 में दून निवासी सौरभ खत्री के साथ विवाह हुआ था। सृष्टि का पति सौरभ खत्री सचिवालय में निजी सचिव के पद पर है।
तहरीर के अनुसार, ससुराल पक्ष द्वारा सृष्टि से कहा जाता था कि उसके घर आने के बाद परिवार में अशुभ घटनाएं होने लगी हैं और उसके कारण ही परिवार के एक सदस्य की मृत्यु हुई। बताया जाता है कि शादी के कुछ ही महीनो बाद सृष्टि के ससुर का देहांत हो गया था। उसके लिए भी सृष्टि को कोसा जा रहा था।
मृतका की मां का आरोप है कि उनकी बेटी ने कई बार फोन पर उन्हें अपनी प्रताड़ना के बारे में बताया था। सीमा कंडारी ने अपनी तहरीर में कहा है कि 29 जुलाई को उनकी बेटी की हत्या कर दी गई और उन्हें पूरा विश्वास है कि इस घटना में पति सौरभ खत्री, उसकी मां, बहन तथा अन्य परिजनों की भूमिका है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
डोईवाला थाना प्रभारी राकेश गुसाईं ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतका की मां के बयान लेने के अलावा साक्ष्य एकत्रित किये जा रहे हैं।