नैनीताल। नगर के सात नंबर स्थित अल्मा कॉटेज क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे भू-धसाव ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पहाड़ी खिसकने और जमीन धंसने की ताजा घटना के बाद सड़क की सुरक्षा दीवार और अधिक क्षतिग्रस्त हो गई है, जबकि करीब एक दर्जन भवनों पर खतरा मंडरा रहा है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल सुरक्षात्मक कार्य शुरू कराने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष मानसून के दौरान ही इस क्षेत्र में सड़क पर दरारें पड़नी शुरू हो गई थीं। लगातार हो रहे भू-धसाव को देखते हुए स्थानीय सभासद जितेंद्र पांडे ने पहले ही जिला प्रशासन को स्थिति से अवगत कराते हुए आवश्यक रोकथाम के उपाय करने की मांग की थी। एहतियात के तौर पर प्रभावित हिस्से में टिन शीट लगाकर वाहनों की आवाजाही भी बंद कर दी गई थी। सभासद जितेंद्र पांडे ने बताया कि लगातार हो रहे भूस्खलन और भू-धसाव के कारण सड़क के ऊपरी हिस्से में स्थित पांच तथा निचले हिस्से में रहने वाले सात परिवारों के मकान खतरे की जद में आ गए हैं। उन्होंने प्रशासन से दोबारा मांग की है कि प्रभावित क्षेत्र में तत्काल सुरक्षा एवं स्थायी उपचारात्मक कार्य कराए जाएं, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।