युवक को पुल से धक्का मारने और लूट का एक आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल बरामद – News Debate

युवक को पुल से धक्का मारने और लूट का एक आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल बरामद

देहरादून। युवक से लूट और पुल से धक्का देकर फरार एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से लूटा गया मोबाईल भी बरामद किया है।

गौरतलब है कि 6 मई को रात्रि मे ड्यूटी से आ रहे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को दो युवकों ने स्कूटी मे बिठाया और लूटपाट कर पुल से धक्का दे दिया था। सुबह युवक को सेना के जवानों ने रेस्क्यू किया था। मामले मे युवक के पिता ने थाना प्रेम नगर मे तहरीर दी थी।

तहरीर मे कहा कि उनका पुत्र आकाश, जो आईटी पार्क स्थित एक कम्पनी में सॉफ्टवेयर इन्जिनियर है, सहस्त्रधारा क्रासिंग पर घर आने के लिए खडा था, जहॉ पर दो अज्ञात स्कूटी सवार लडकों द्वारा उनके पुत्र आकाश को अपनी स्कूटी मे जबरन बैठाकर उसे अपने साथ जामुनवाला पुल प्रेमनगर क्षेत्र मे ले गये। जहां उनके द्वारा उसके साथ मारपीट करते हुये उसके दो मोबाइल फोन व 600 रूपये छीन लिए और उसे धक्का देकर पुल से नीचे फेंक दिया। घायल आकाश वर्तमान में दून अस्पताल मे उपचाराधीन है, जो घटना के सम्बन्ध में स्पष्ट रूप से नही बता पा रहा है।

आरोपियों की धर पकड़ के लिए कोतवाली प्रेम नगर पर पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा घटनास्थल व उसके आसपास आने जाने वाले रास्तों पर लगे लगभग 110 सीसीटीवी कैमरो की फुटेजो को चैक किया गया। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले गए। घटना में शामिल एक आरोपी मृदुल गुरुंग पुत्र दीपक गुरंग निवासी 538 गढी कैण्ट, टपकेश्वर थाना गढी कैण्ट, देहरादून, उम्र- 20 वर्ष को मीठी बेरी रोड प्रेम नगर से घटना में लूटे गये मोबाइल फोन( आईफोन) के साथ गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी द्वारा बताया गया कि 5 मई की रात्रि में वह तथा उसका दोस्त अस्मित थापा स्कूटी से गढी कैंट होते हुए सहस्त्रधारा रोड की तरफ घूम रहे थे। इस दौरान देर रात्रि करीब 02.15 बजे सहस्त्रधारा क्रॉसिंग उन्हे एक लड़का सड़क पर अकेला खड़ा दिखाई दिया, जिससे गढ़ी कैंट का रास्ता पूछने के बहाने उन्होने उसके पास अपनी स्कूटी रोकी तथा उससे रास्ता पूछने के बाद उक्त युवक उनसे आगे तक ले जाने की बात कहते हुये उनके साथ स्कूटी में बैठ गया। इस दौरान वे तीनों सर्वे चौक से किशननगर चौक होते हुये ओएनजीसी चौक पहुँचे तथा वहां से जामुनवाला की ओर जाने लगे। इस दौरान उनके द्वारा पीछे बैठे युवक से थोड़ा खा-पी लेने के बाद उसे घर छोड़ने की बात कही गयी तो उक्त युवक द्वारा अपनी सहमति देते हुये अपने पास शराब रखी होने की बात बताते हुये उनके साथ आ गया। उसके बाद तीनों स्कूटी से प्रेमनगर क्षेत्र में हनुमान मन्दिर के पास पहुँचे, जहाँ उन्होंने स्कूटी को मंदिर के पास खड़ा किया तथा पास ही एक निर्माणाधीन पुल पर चढ़ गये, जहां तीनों ने साथ में बैठकर शराब पी। इस दौरान आरोपियों द्वारा आकाश से उसका मोबाइल फोन मांगने पर उसके द्वारा मोबाइल देने से इनकार कर दिया। जिस पर आरोपियों द्वारा आकाश के दोनो हाथ पीछे से पकड़कर उसकी जेब में रखे 02 मोबाइल फोन (01 आईफोन, 01 रियल मी) तथा 600 रूपये छीन लिये। छीना झपटी व मार-पीट के दौरान आकाश को धक्का लगने से वह पुल से नीचे गिर गया, जिस पर दोनो अभियुक्त घबराकर मौके से भाग गये।

छीने गये रूपयों को दोनो अभियुक्तों ने आपस में बांट लिया तथा आई-फोन को मृदुल गुरंग ने तथा रियल मी फोन को अस्मित थापा ने अपने पास रख लिया। आज आरोपी घटना में लूटे गये आई- फोन को बेचने के लिये जा रहा था, पर इस बीच पुलिस द्वारा उसे चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी नशे का आदी है तथा उसके द्वारा अपने नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिये अपने साथी के साथ मिलकर उक्त लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना में शामिल दूसरे साथी की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *