अल्मोड़ा। पर्वतीय क्षेत्रों मे बाघ और गुलदार के हमले रुकने का नाम नही ले रहे हैं।
अल्मोड़ा जनपद के तल्ला सल्ट क्षेत्र से ग्रामसभा तड़म (बोरड़ा) निवासी 53 वर्षीय महिपाल सिंह मेहरा को घात लगाकर बैठे बाघ ने अपना शिकार बना लिया। यह दर्दनाक घटना कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे इलाके में हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल फैल गया है।
बताया जा रहा है कि महिपाल सिंह अपने निजी खेत में घास काट रहे थे, तभी घात लगाए बैठे बाघ ने उन पर हमला कर दिया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना रामनगर से मोहान मार्ग पर कुमेरिया के पास हुई। मृतक महिपाल सिंह मेहरा बौरड़ा तोक, तड़म ग्राम (सल्ट क्षेत्र) के निवासी थे। क्षेत्र में लोगों ने आवाजाही कम कर दी है और डर के साये में जीवन जीने को मजबूर हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। विभाग ने बाघ की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाने के साथ ट्रैंक्विलाइज (बेहोश कर पकड़ने) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। टीम लगातार गश्त कर रही है और संभावित स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने बाघ को शूट करने की मांग की है। उनका कहना था किक्षेत्र में सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।