देहरादून। भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा कांग्रेस की सदस्यता लेने वाले नेताओं पर की गयी टिप्पणी पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। सदस्यता लेने वाले नेताओं को ‘बीजेपी से निकाला गया माल’ बताने पर कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इसे स्तरहीन प्रतिक्रिया बताते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इस बात की खुशी है कि कल बीजेपी से बड़े नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। गोदियाल ने कहा कि महेंद्र भट्ट ने सम्मानित पूर्व विधायकों के लिए ऐसे शब्दों का प्रयोग किया है जो किसी राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष की गरिमा के विपरीत है। उन विधायकों ने उनके साथ भी रहते हुए सदन की गरिमा को बढ़ाया, जबकि उस सदन में जाने के लिए महेंद्र भट्ट आज भी लालायित हैं।
गोदियाल ने कहा कि भट्ट के भीतर भारतीय जनता पार्टी के संस्कार भरे हुए हैं और जिस तरह से वह पूर्व विधायकों तथा समाज का प्रतिनिधित्व करने वालों के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करके नवाजने का काम कर रहे हैं यह उन संस्कारों की पोल भी खोलते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में और भी लोग कांग्रेस की सदस्यता लेंगे और ऐसे विचारवान लोगों के लिए वह ऐसे ही शब्दों का प्रयोग नही करेंगे उन्हे उम्मीद है।
शब्दों पर कांग्रेसी आपत्ति कांग्रेस की द्विअर्थी सोच: भट्ट
भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने अपने कहे गए कड़े शब्दों पर कांग्रेसी आपत्तियों को कांग्रेसी द्वीअर्थी सोच का नतीजा बताया है। उन्होंने कहा कि जो अनुशासनहीनता भ्रष्टाचार के चलते बीजेपी से रिजेक्ट हुए, वही नेता कांग्रेस में सिलेक्ट हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आने वाले लोगों से ज्यादा संख्या नाराज लोगों की है। उन्होंने कहा कि जो सोच कांग्रेस नेताओं के मन में अपने ही साथी नेताओं के प्रति रहती है, वही अर्थ उनको समझ में आया है। इनमें अधिकांश को भाजपा अनुशासनहीनता, भ्रष्टाचार और अनैतिक आचरण के चलते बहुत पहले पार्टी से निकाल चुकी है। इन्होंने जनता के बीच जाकर भी चुनाव में अपना पक्ष रखा, वहां भी नकारे गए।
