साहू के बयान पर कांग्रेस गरम, मुकदमा दर्ज कराने की मांग पर थाना डालनवाला मे लगायी चौपाल – News Debate

साहू के बयान पर कांग्रेस गरम, मुकदमा दर्ज कराने की मांग पर थाना डालनवाला मे लगायी चौपाल

मंत्री पति गिरधारी लाल साहू के बयान पर हमलावर है कांग्रेस

हरीश रावत ने दी एसएसपी कार्यालय का घेराव

देहरादून। भाजपा सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी साहू के बिहार से 20-25 हजार में लड़की खरीद सम्बन्धी बयान के बाद कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन नही रुक रहा है। कांग्रेस व भाजपा एक दूसरे के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं।

सोमवार को महिला कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व मे थाना डालनवाला में प्रदर्शन किया और साहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस दौरान उनकी पुलिस से धक्का मुक्की भी हुई। रात 11 बजे तक विरोध प्रदर्शन चलते रहे। दिन भर पुलिस लाइन और थाने में घेराव व नारेबाजी होती रही। इस दौरान पूर्व सीएम हरीश रावत भी थाने में डटे रहे। इस बीच,रघुपति राघव राजा राम..भजन का भी खूब पाठ हुआ। कांग्रेस अंकिता भंडारी मर्डर, किसान सुखवंत की आत्महत्या समेत कुछ अन्य ज्वलंत मुद्दों को लेकर आक्रामक मुद्रा मे है।

पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि देहरादून के एसएसपी द्वारा अल्मोड़ा के एसएसपी को पत्र भेजकर मामले में शीघ्र कार्रवाई को कहा है। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 17 जनवरी तक महिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा दी गई शिकायत पर गिरधारी लाल साहू के विरुद्ध एफआईआर दर्ज नहीं की जाती है, तो 18 जनवरी को देहरादून स्थित एसएसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इसके बाद कोतवाली डालनवाला पर चल रहा धरना 18 जनवरी तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

महिला कांग्रेस ने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम न्याय की आवाज़ को दबाने और महिलाओं को डराने का प्रयास है, जिसे किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस मौके पर पूर्व विधायक राजकुमार, संगठन महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, जसविंदर सिंह गोगी, आशा मनोरमा, संजय शर्मा, बब्बन सती, अमरजीत सिंह, यशपाल चौहान, अश्विन बहुगुणा सहित अन्य वरिष्ठ नेतागण एवं सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *