देहरादून। बिहार में चुनावी रैली के दौरान पीएम मोदी पर की गयी अभद्र टिप्पणी पर काग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान भाजपा- कांग्रेस कार्यकर्ता आमने सामने आ गए। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कुछ देर बाद तो दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की स्थिति गई थी। पुलिस ने बीच बचाव कर मामले को शांत कराया।
भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने एश्ले हॉल चौक और कनक चौक पर बैरिकेडिंग लगाए थे और दोनों दलों के दफ्तरों पर पुलिस की तैनाती की थी। भाजपा के कार्यकर्ता जैसे ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एश्ले हॉल चौक पर पहुंचे, तभी बीजेपी के कुछ कार्यकर्ताओं ने बेरिकेडिंग पार कर दिया और कांग्रेस भवन की तरफ बढ़ने लगे।
वहीं कांग्रेस भवन के गेट पर पहले से ही मौजूद कई कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा के कार्यकर्ताओं का विरोध करते हुए वोट चोर गद्दी छोड़ो जैसे नारे लगाने शुरू कर दिए। दूसरी तरफ भाजपा के कार्यकर्ता भी राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। वहां मौजूद पुलिस ने माहौल बिगड़ने से पहले ही दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को अलग कर दिया।
पीएम की मां को गाली टूल किट का हिस्सा
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे से घबराई भारतीय जनता पार्टी ने नेता विपक्ष राहुल गांधी की रैली के बाद अपने टूल किट के साथी को राहुल गांधी की रैली के मंच पर चढ़ा कर जानबूझ कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माता के खिलाफ अपशब्द बुलवाए गए जिससे पूरे देश का ध्यान वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे से भटकाया जा सके।
धस्माना ने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की स्वर्गीय माता जी के साथ साथ देश व दुनिया की हर नारी का सम्मान करते हैं और उनके प्रति किसी भी प्रकार की अभद्र भाषा का तो सवाल ही नहीं उठता। श्री धस्माना ने कहा कि वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान पूरे उत्तराखंड में हर जिले हर विधान सभा हर ब्लॉक में चलाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भारतीय जनता पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने असामाजिक तत्वों के साथ मिल कर दोपहर साढ़े तीन बजे के करीब कांग्रेस के राजपुर रोड स्थित मुख्यालय राजीव भवन पर लाठी डंडों के साथ हल्ला बोल दिया। भाजपाइयों के इस प्रदर्शन की खबर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पहले से ही थी और इस संबंध में प्रदेश के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ को पत्र लिख कर आगाह कर चुकी थी कि भाजपा देहरादून के प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पटना जैसी घटना को दोहरा सकते हैं इसलिए उनको कांग्रेस मुख्यालय आने से रोका जाए। किंतु भारी पुलिस बंदोबस्त के बावजूद भाजपा के कार्यकर्ताओं का एक बड़ा जत्था परेड ग्राउंड से कांग्रेस व श्री राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदेश कांग्रेस के मुख्यालय तक पहुंच गया।
धस्माना ने नाराजगी जाहिर करते हुए एसपी सिटी व सिटी मैजिस्ट्रेट को उनके द्वारा डीजीपी को भेजी गई चिट्ठी दिखाते हुए कहा कि पूर्व सूचना के बावजूद भाजपाई कैसे हमारे मुख्यालय पहुंच गए? उन्होंने कहा कि पहले भाजपा कार्यकर्ताओं को वापस भेजा जाए या गिरफ्तार किया जाए तभी हम भी वापस जाएंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं के वापस जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता भी वापस आ गए।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ताहिर अली, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल,आयुष गुप्ता, रॉबिन त्यागी, अर्जुन पासी, ललित भद्री, गरिमा माहरा दसौनी,डॉक्टर प्रतिमा सिंह, सुजाता पॉल, सुशीला शर्मा, मोहन काला, गुल मोहम्मद, पिया थापा, आशा मनोरमा शर्मा, नजमा खान, उदयवीर पुंडीर, धर्मपाल घाघट, करण घाघट, विशाल मौर्य, फारुक, पुनीत चौधरी मुख्य रूप से शामिल रहे।
सांकेतिक और शांतिपूर्ण प्रदर्शन को उग्र बनाने की कोशिश मे थी कांग्रेस: चौहान
देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने भाजपा के शांतिपूर्ण और सांकेतिक प्रदर्शन को बबाल से जोड़ने की कड़ी आलोचना की है।
चौहान ने कहा कि पार्टी के कई जिलों मे आज प्रदर्शन के कार्यक्रम थे और इसी तरह गाँधी पार्क मे कार्यक्रम आयोजित था। लेकिन कांग्रेसी बबाल काटने और प्रदर्शन को उग्र बनाने की कोशिश मे कार्यालय से बाहर आ गए तथा नारेबाजी और गलत बयानी करने लगे।
उन्होंने कहा कि देश के पीएम की दिवंगत माँ को गाली देने के बाद देश भर मे उबाल है। बिहार के जिस मंच से गाली गलौच किया गया उस पर आसीन नेता और पार्टी के खिलाफ जनाक्रोश भड़का हुआ है। कांग्रेस अपनी गलती पर पर्दा डालने के लिए ऐसे हथकंडे अपना रही है, जबकि सच यह है कि प्रदर्शनकारी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। कांग्रेस के ऐसे कृत्य से सच्चाई छिप नही सकती है। कांग्रेस हताश, निराश है और अब जनाक्रोश को दबाने के लिए दुष्प्रचार का सहारा ले रही है। जनता कांग्रेस को सबक सिखायेगी यह निश्चित है।