दिल्ली। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ हुई एक बड़ी मुठभेड़ में 31 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया है। हालांकि, इस मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए, जबकि दो अन्य जवान घायल हुए हैं। मुठभेड़ बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र में हुई, जहां सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ एक सफल ऑपरेशन चलाया।
मुठभेड़ बीजापुर-नारायणपुर सीमा के पास बतायी जा रही है। दोनों तरफ से भीषण गोलीबारी हुई जिसमें बड़ी संख्या में नक्सलियों को मार गिराया गया। आईजी बस्तर पी सुंदरराज ने बताया कि अभी तक 31 शव बरामद किए जा चुके हैं। मारे गए नक्सलियों की संख्या में इजाफा हो सकती है। मुठभेड़ के दौरान 2 जवान भी शहीद हो गए, जबकि दो अन्य घायल हैं। मौके से ऑटोमैटेकि हथियार भी बरामद किए गए हैं।
बस्तर पुलिस के मुताबिक नक्सलियों के साथ सुरक्षाबलों का आमना-सामना बीजापुर के राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र के जंगल में हुआ। रविवार सुबह इस मुठभेड़ में बड़ी संख्या में नक्सलियों को घेर लिया गया। घंटों तक दोनों तरफ से भीषण गोलीबारी होती रही। शुरुआत में 12 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना मिली पर तलाशी अभियान के साथ जंगल में लाश मिलते चले गए। कुल 31 नक्सलियों को मार गिराया गया।
गौरतलब है की पिछले दिनों छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर हुए एक अन्य एनकाउंटर में 16 नक्सली मारे गए थे, जिनमें 90 लाख रुपए का इनामी चलपति भी शामिल था।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ नक्सलवाद मुक्त होगा। उन्होंने कहा, “हमारे सुरक्षाबल निरंतर सफलता हासिल कर रहे हैं और राज्य को नक्सलवाद से मुक्त करने के रास्ते पर तेजी से बढ़ रहे हैं। यह नक्सलवाद का अंत निश्चित है।”