जिला मुख्यालय में मनाया गया विजय दिवस, भारतीय सैनिकों के पराक्रम को किया याद – News Debate

जिला मुख्यालय में मनाया गया विजय दिवस, भारतीय सैनिकों के पराक्रम को किया याद

भारत पाक 1971 के युद्ध में उत्तराखंड के 255 वीर जवान हुए थे शहीद

जनपद पौड़ी के 38 जवान हुए थे शहीद

पौड़ी(चन्द्रपाल सिंह चन्द)। जिला मुख्यालय पर विजय दिवस के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर 1971 के भारत -पाक युद्ध के शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।शहीद स्मारक स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी ने शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा वीर सैनिकों के अदम्य साहस व बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश चंद्र गुणवंत, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, उनके परिजनों और अन्य गणमान्यों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर स्कूली छात्र छात्राओं द्वारा एजेंसी चौक से राजकीय प्रेक्षागृह तक प्रभात फेरी निकाली गई।
तदुपरांत जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान व मुख्य विकास अधिकारी गिरीश चंद्र गुणवंत ने संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1971 के भारत पाक युद्ध में भारतीय सेना ने अपने शौर्य और पराक्रम से पाकिस्तानी सेना को पराजित कर एक ऐतिहासिक विजय प्राप्त की थी। इस युद्ध में पाकिस्तानी सेना के 93 हजार सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया था। यह विजय भारत के वीर सैनिकों की असाधारण वीरता और बलिदान का प्रतीक है, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।


जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी मेजर करन सिंह ने बताया कि 1971 के युद्ध में उत्तराखंड राज्य के 255 वीर जवान शहीद हुए। जिनमें जनपद पौड़ी के 38 सैनिक शामिल थे। विजय दिवस पर इन वीर जवानों के बलिदान को विशेष रूप से स्मरण किया गया। कार्यक्रम में 1971 के युद्ध में भाग लेने वाले पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।इस दौरान स्कूली छात्र छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। जिसमें निबंध प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर कु. ऐश्वर्या, अमन, कु. मरियम रहे। जबकि चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर शिफात अली, कु. दिशा व कु. रितिका रही। क्रॉस कंट्री दौड़ बालक वर्ग प्रथम विजय, द्वितीय धर्मेश, तृतीय स्थान पर जीवन रहे। जबकि बालिका वर्ग में प्रथम स्थान पर कु. मीनाक्षी, द्वितीय स्थान पर कु. निधि, तृतीय स्थान पर कु. सुमन रहीं।
कार्यक्रम में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी लैंसडौन कर्नल (अ.प्र) ओम प्रकाश फर्स्वाण, मुख्य शिक्षा अधिकारी नागेंद्र बर्तवाल, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष राजेंद्र राणा, ऑर्डिनरी कैप्टन सत्य प्रसाद धस्माना, मातबर सिंह, वीरेंद्र सिंह, श्रीचंद सिंह रावत, सुशीला देवी, छैला देवी, बसंती देवी, सुमित्रा देवी सहित अन्य गणमान्य अधिकारी, एनसीसी कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *