महाराज ने पोखड़ा को दी चार करोड़ की योजनाओं की सौगात – News Debate

महाराज ने पोखड़ा को दी चार करोड़ की योजनाओं की सौगात

कोटद्वार(चन्द्रपाल सिंह चन्द)। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री व चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने अपनी विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत पोखड़ा विकास खंड के कार्यालय भवन और टाईप तीन भवन के नव निर्माण कार्यों समेत लगभग चार करोड़ की योजनाओं की सौगात प्रदान की। महाराज ने कहा कि भाजपा सरकारों के नेतृत्व में चौबट्टाखाल का चौमुखी विकास हो रहा है।काबीना मंत्री महाराज ने लोक पर्व हरेला पर्व के अवसर पर वृक्षारोपण भी किया।

मंगलवार को प्रदेश के काबीना मंत्री व स्थानीय विधायक सतपाल महाराज ने विकास खंड पोखड़ा मुख्यालय पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राज्य योजना मद से 338.82 लाख की धनराशि से नव निर्मित ब्लाक कार्यालय भवन का लोकार्पण करने के साथ ही जिला योजना मद से निर्मित होने वाले 60 लाख की लागत के टाईप तीन भवन का शिलान्यास किया। इस मौके पर काबीना मंत्री ने लोक पर्व हरेला के अवसर पर पोखड़ा रेंज में वृक्षारोपण भी किया।
क्षेत्रीय जनता को संबोधित करते हुए काबीना मंत्री महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश के साथ साथ चौबट्टाखाल का चौमुखी विकास हो रहा है। सतपुली झील निर्माण के साथ ही विधान सभा क्षेत्र में अनेक पंचायत भवनों का निर्माण किया गया है। कई पेयजल पंपिंग योजनाओं पर काम हुआ है। पर्यटक आवास गृहों के अलावा कई किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया गया है।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अनिल चिन्याल, ब्लॉक प्रमुख प्रीती देवी समेत अनेक जनप्रतिनिधि व क्षेत्रीय ग्रामीण शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *