सहसपुर के खुशहालपुर मे डकैतों ने परिवार को बंधक बनाकर लूटी थी ज्वेलरी
देहरादून। पुलिस की सहसपुर डकैती के आरोपियों से मुठभेड़ मे एक बदमाश को गोली लग गयी तथा एक को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं डकैती मे शमिलों एक अन्य बदमाश को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया गया।
गौरतलब है कि 5 जून को सहसपुर के खुशहालपुर के फुरकान नामक व्यक्ति के घर पर तमंचे के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना में बदमाशों द्वारा पीड़ित और उसके परिजनों को बंधक बनाकर घर से नकदी और ज्वैलरी की लूट की गई थी। पुलिस तब से बदमाशों की तलाश मे जुटी थी।
आज सुबह तड़के पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि डकैती की घटना को अंजाम देने वाले बदमाश यूटिलिटी वाहन से दोबारा किसी घटना को अंजाम देने के लिए वापस देहरादून आ रहे हैं। पुलिस ने रेट बैरियर के पास चेकिंग के दौरान यूटिलिटी को रोकने की कोशिश की तो यूटिलिटी वाहन से बैरियर को तोड़कर धर्मावाला की ओर फरार हो गए। पुलिस द्वारा पीछा करने पर तिमली से धर्मावाला के बीच जंगल में वाहन पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यूटिलिटी चालक बदमाश रमजानी निवासी सहारनपुर को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं वाहन सवार दूसरे बदमाश बबलू बादशाह निवासी मुजफ्फरनगर पुलिस टीम पर फायर कर जंगल की ओर भाग गया था। पुलिस द्वारा बदमाश बबलू के साथ मुठभेड़ में की गई फायरिंग में उसके पैर पर लगी गोली। पुलिस ने उसे इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती किया है.
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से मौके पर एक 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद किये। एसएसपी अजय सिंह ने सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच कर जानकारी ली और घायल बदमाश को इलाज के लिए विवेकानंद अस्पताल धर्मावाला लाया गया। डॉक्टरों द्वारा उसको इलाज के लिए विकासनगर चिकित्सालय रेफर किया गया है। एसएसपी ने बताया है कि पुलिस चेकिंग और मुठभेड़ में गिरफ्तार दोनों बदमाशों द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 05 जून की रात में खुशालपुर सहसपुर में फुरकान नाम के व्यक्ति के घर मे डकैती मे शामिल थे।
गिरफ्तार आरोपी बदमाश बबलू बादशाह से पूछताछ में जानकारी मिली है कि खुशहालपुर में फुरकान के घर पर पांच व्यक्तियों द्वारा घरवालों को बंधक बनाकर घटना को अंजाम दिया गया था। पूछताछ के आधार पर लूट के मुकदमे को डकैती में बदलाव किया गया है। पुलिस टीम द्वारा डकैती में शामिल एक अन्य आरोपी असलम निवासी कैलाशपुर सहारनपुर को हरिद्वार से गिरफ्तार किया है. अब इसमें कुल तीन डकैतों की गिरफ्तारी हो गई है। दो डकैतों की धरपकड़ के लिए टीम रवाना की गयी है।