उत्तरकाशी/देहरादून। सिलक्यारा टनल मे चल रहा रेस्क्यू आपरेशन के जारी है। टनल में हैवी ड्रिलिंग मशीन से ड्रिलिंग की कार्यवाही युद्धस्तर पर चल रही है। एसपी अर्पण यदुवंशी के निर्देशानुसार टनल के सेव पेच में पुलिस,एनडीआरएफ, एसडीआरएफ,आईटीबीपी व अन्य आपदामोचन बलों तथा मेडिकल टीमों द्वारा श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने व जरुरत पडने पर अन्य आपातालीन कवायदों का मॉक अभ्यास करवाया जा रहा है।
एसपी ने बताया कि टनल में अत्याधुनिक मशीनों की मदद से ड्रिलिंग का काम तेज गति से चल रहा है, अन्दर फंसे सभी श्रमिक सुरक्षित हैं, श्रमिकों को समय-समय पर रसद, पानी व ऑक्सीजन की सप्लाई की जा रही है। फंसे लोगों का मनोबल बनाये रखने के लिये परिजनों से लगातार बातचीत करवाई जा रही है। पुलिस हेल्प डेस्क से भी परिजनों से सम्पर्क साधकर पल-पल की अपडेट दी जा रही है। उन्होंने बताया कि ड्रिलिंग की कार्यवाही पूरी होने के उपरान्त रेस्क्यू के अगले चरण यानि पाईप के माध्यम से श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने व जरुरत पडने पर उनको त्वरित आपातकालीन सहायता मुहैया कराने के लिये मॉक अभ्यास करवाया जा रहा है ताकि एक बेहतर समन्वय बना रहे तथा किसी भी आपात दशा में सभी साथ मिलकर एक त्वरित व जरुरी सेवा दे सकेंगे।
NHIDCL के निदेशक अंशु मनीष खलको ने कहा है कि एमएस पाइप की स्केप टनल बनाने के लिए ऑगर मशीन की सहायता से पाइप पुशिंग का कार्य प्रगति पर है। अभी तक मलवे के भीतर 24 मीटर की दूरी तक पाइप डाला जा चुका है। रेस्क्यू अभियान की प्रतिधारण क्षमता बढ़ाने के लिए इंदौर से एक और ऑगर मशीन बैकअप के लिए एयर लिफ्ट कर लाये जाने की भी व्यवस्था की गई है ताकि रेस्क्यू अभियान निर्वाध रूप से जारी रहे।