एक वाहन से 32 पेटी तो रेस्टोरेंट से 25 पेटी शराब की बरामद
रुद्रप्रयाग/ देहरादून। मानसून के तेवरों मे नरमी के बाद अब केदारनाथ के तीसरे चरण की यात्रा शुरू होने वाली है। इन दिनों जगह-जगह केदारनाथ हाईवे बंद है और यात्री भी कम संख्या में पहुंच रहे हैं, लेकिन इस बीच केदारनाथ यात्रा पड़ावों के शराब तस्करों की सक्रिता बढ़ गयी है और वह केदारनाथ यात्रा के मुख्य पड़ाव सोनप्रयाग में शराब पहुंचा रहे हैं। सोनप्रयाग पुलिस ने दो अलग अलग स्थानों से लगभग साढ़े चार लाख की 52 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है।
केदारनाथ यात्रा के मुख्य पड़ाव सोनप्रयाग में पुलिस ने वाहन संख्या यूके 13 टीए 1477 आर्टिका कार को चेकिंग के लिए रोका। इस बीच वाहन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, लेकिन वाहन में 32 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब की रखी हुई थी। जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। दूसरे मामले में पुलिस ने शक के आधार पर एक रेस्टोरेंट में तलाशी अभियान चलाया। मौके पर पुलिस ने 25 पेटी शराब की बरामद करते हुए एक आरोपी सुंदर सिंह को गिरफ्तार किया। जबकि दूसरे आरोपी प्रहलाद सिंह की तलाश जारी है। यात्रा सीजन में अभी तक पुलिस ने 45 मुकदमे दर्ज कर लगभग 75 लोगों को गिरफ्तार किया है।
सोनप्रयाग थानाध्यक्ष ने बताया की दो अलग अलग मामलो में शराब पकड़ी गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। एक फरार चल रहा है। वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ विशाखा भदाणे ने बताया कि इस वर्ष यात्रा काल में अब तक आबकारी अधिनियम के तहत कुल 47 मुकदमों में 74 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 2,148 बोतल शराब की बरामदगी की गयी है। बरामद हुई कुल शराब का अनुमानित मूल्य 14 लाख के करीब है। उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस प्रचलित केदारनाथ धाम यात्रा को सुगम, सरल, सुरक्षित बनाने के साथ ही नशामुक्त बनाने के प्रति प्रतिबद्ध है। आम जनमानस से भी अपील है कि इस प्रकार के अपराध में लगे लोगों की सूचना पुलिस को अवश्य दें। टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोनप्रयाग देवेन्द्र सिंह असवाल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजबर सिंह राणा, मुख्य आरक्षी अतुल लिंगवाल, विक्रम सिंह, हर्ष जोशी, संदीप सिंह, महिला आरक्षी अनीता, होमगार्ड मुलायम सिंह शामिल थे।