एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
हरिद्वार। कनखल कोतवाली अंतर्गत ग्राम जियापोता में दुकान में सेंधमारी कर चोरी करने की योजना क्षेत्र के लोगों की सक्रियता के चलते विफल हो गयी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे दुकान स्वामी और स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। जबकि उसका साथी फरार हो गया। मिस्सरपुर निवासी विराज सैनी की ग्राम जियापोता में हार्डवेयर की दुकान है। शनिवार तड़के दो लोगों के सब्बल व आरी लेकर दुकान की छत पर मौजूद होने की सूचना मिलने पर विराज सैनी तत्काल दुकान पर पहुंचे। विराज सैनी ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर छत पर खड़े लोगों को पकड़ने की कोशिश की उन्होंने छत से छलांग लगा दी। जिनमें से एक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। जबकि दूसरा घायल हो गया। जिसे लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। लोगों ने पकड़े गए व्यक्ति को जगजीतपुर चौकी से मौके पर पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के हवाले कर दिया।
पुलिस पूछताछ में उसकी पहचान धर्मवीर पुत्र स्व.जयपाल निवासी टोडा कल्याणपुर रुडकी के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से एक दुकोनी सब्बल, एक सरिया काटने की आरी व दो सीढ़ी बरामद की हैं। पुलिस ने विराज सैनी की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकद्मा दर्ज करने के साथ फरार हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।