कार सवार युवक पर जानलेवा हमला, सिर पर ईंट-पत्थरों से हमला

रामनगर। दिनदहाड़े अज्ञात हमलावरों ने टेढ़ा रोड निवासी गोपाल सिंह अधिकारी उर्फ गोपू पर बालाजी मंदिर के पास जानलेवा हमला करके उन्हें बुरी तरह से जख्मी कर दिया। हमले में गोपू के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गए।

जानकारी के अनुसार गोपू वीरवार सुबह करीब चार बजे अपनी कार से ट्रांसपोर्टनगर से अपने घर जा रहे थे। लखनपुर चुंगी पर उन्हें आभास हुआ कि कुछ लोग उनके पीछे लगे हैं। जिस पर गोपी वापस ट्रांसपोर्टनगर की ओर वापस लौटने लगे। इसी बीच बालाजी मंदिर के निकट एक कार ने ओवरटेक कर उनकी कार का रास्ता रोक लिया। इसके बाद बुलेट बाइक पर सवार कुछ युवक उनके करीब पहुंचे और ईंट-पत्थरों व लाठियों से हमला शुरू कर दिया। गोपू के सिर पर लगातार वार किए गए, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए। कार को भी नुकसान पहुंचा। मारपीट के बाद में हमलावर उनकी कार की चाबी लेकर फरार हो गए। घायल गोपू ने मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों से मदद मांगी, लेकिन तत्काल किसी ने सहायता नहीं की। इसी दौरान पत्नी के फोन पर उन्होंने घटना की जानकारी दी तो परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए ले गए। निजी चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद घायल को काशीपुर के लिए रेफर कर दिया गया है। हमले को पूर्व नियोजित हमले की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *