नाबालिग से दुराचार का आरोपी गिरफ्तार, फोटो-वीडियो बनाकर धमकाने का आरोप - News Debate

नाबालिग से दुराचार का आरोपी गिरफ्तार, फोटो-वीडियो बनाकर धमकाने का आरोप

ऋषिकेश। पुलिस ने नाबालिग किशोरी को नशीला पदार्थ देकर होटल के कमरे में ले जाकर दुष्कर्म करने और उसके आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर सार्वजनिक करने की धमकी देने वाले को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को नेहरूग्राम स्थित उसके घर के बाहर से दबोचा। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, गंगानगर निवासी महिला ने 24 अगस्त को कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी। आरोप है कि उनकी 17 वर्षीय बेटी को अखिलेश ने तपोवन बुलाया और नशीला पदार्थ देने के बाद होटल के कमरे में ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती की। इस दौरान आरोपी ने किशोरी के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। बाद में इन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर उस पर दबाव बनाया गया। आरोप है कि आरोपी फोन और मैसेज के जरिए भी किशोरी को मिलने के लिए दबाव डालता रहा।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 411/2026 के तहत बीएनएस की धारा 137(2), 64, पॉक्सो अधिनियम की धारा 3/4, 13/14 समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 13 सितंबर को नेहरूग्राम स्थित आरोपी के घर पर दबिश दी। आरोपी अखिलेश उर्फ अक्की (20 वर्ष) निवासी इंद्रानगर, नेहरूग्राम, ऋषिकेश को शाम 6:15 बजे घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराकर न्यायलय में पेश किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *