देहरादून। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में शनिवार देर शाम से बारिश का सिलसिला और तेज हो गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए देहरादून जिले में सोमवार 31 अगस्त को सभी सरकारी और निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने 2 सितंबर तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग के अनुसार 31 अगस्त से एक सितंबर के बीच बारिश अपने चरम पर होगी। 31 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, चमोली व नैनीताल जिले में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज और टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाषी, रूद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत व ऊधम सिंह नगर जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
