देहरादून। राजधानी में आए दिन युवाओं के बीच झगड़े के मामले सामने आ रहे हैं। एक बार फिर से एक घटना सामने आयी है। वीरवार दोपहर में दिन-दहाड़े कानून-व्यवस्था से बेखौफ होकर युवाओं के दो गुटों के बीच भीड़भाड़ वाले इलाकों में गोलियां चली। फायरिंग करने के बाद दोनों गुट मौके से फरार हो गए।
घटना भीड़भाड़ इलाके वाले पटेलनगर और शिमलाबाईपास का है और जहां पर दो गुटों के बीच गोली चलायी गई। आपसी रंजिश बतायी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक पहली घटना पटेलनगर स्थित एक बड़े समाचार पत्र कार्यालय के बाहर स्थित गली में बतायी गई है। बताया गया है कि इस गली में कार और दुपहिया वाहन में सवार होकर दो गुट आए और फिर वे इस गली में आपस में भिड़ गए। इन दोनों गुटों के बीच जब झगड़ा ज्यादा बड़ा तो दोनों गुटों के बीच दिन दहाड़े फायरिंग तक हो गई। इस वजह से आसपास के लोग दहशत में आ आ गए। दोनों गुट उक्त जगह से फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक आपस में झगड़ा करने वाले युवक एक कॉलेज के पूर्व छात्र बताए जाते हैं। वहीं ये ही दोनों गुट फिर शिमला बााईपास क्षेत्र में भी आपस में भीड़ गए।बताया गया है कि इन दोनों गुटों के बीच पूर्व में भी इस तरह की घटना का मामला सामने आ चुका है। पुलिस के संज्ञान में मामला आने के बाद पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम के जरिए इन दोनों गुटों के बीच होने वाली फायरिंग और इसकी वजह को लेकर जांच की जा रही है। वहीं दोनों गुट किस जगह के हैं और किस लोकेशन में गए हैं तो उसकी पड़ताल भी पुलिस की टीमों के जरिए की जा रही है। एसएसपी कार्यालय के मुताबिक पुलिस की टीमें जांच में जुटी है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। बता दे कि बीते 19 अगस्त से दून में उपराष्ट्रपति का कार्यक्रम रहा।
वहीं वीरवार 20 अगस्त को उपराष्ट्रपति दून में रहे। पुलिस प्रशासन के जरिए उपराष्ट्रपति के दौरे के चलते सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने का दावा किया था। वहीं ऐसे में दिन दहाड़े दो गुटों के बीच फायरिंग होने से पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। वहीं अब दून पुलिस प्रशासन की टीम इन गुटों की धर पकड़ में जुटी है।