विकासनगर में सट्टा और ऑनलाइन जुआ पर पुलिस का शिकंजा, 5 गिरफ्तार

देहरादून: कोतवाली विकासनगर पुलिस ने अवैध सट्टेबाजी और सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने वालों के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो अलग-अलग कार्रवाई में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18,210 रुपये नकद, ताश की गड्डी, एक पॉकेट डायरी, गत्ता और पेन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार 18 जुलाई की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि आरामशीन बाढ़वाला के निकट कुछ युवक सार्वजनिक स्थान पर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर कोतवाल राजीव रौथाण के नेतृत्व में डाकपत्थर चौकी प्रभारी सतेन्द्र सिंह एवं पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर यासीन, सूली, असगर अली और बल बहादुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 16,650 रुपये नकद और ताश की गड्डी बरामद हुई। एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने सहारनपुर बस स्टैंड के निकट मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे शराफत अली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मोबाइल के जरिए लोगों को सट्टा खिलवाता था और जीतने वालों की रकम में से अपना कमीशन काटकर भुगतान करता था। उसके कब्जे से 1,560 रुपये नकद, पॉकेट डायरी, गत्ता और पेन बरामद किए गए। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *