ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच का गठन, प्रदेशभर के संगठनों को एक मंच पर लाने का निर्णय - News Debate

ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच का गठन, प्रदेशभर के संगठनों को एक मंच पर लाने का निर्णय

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश समेत विभिन्न क्षेत्रों के ब्राह्मण संगठनों की संयुक्त बैठक एसएमजेएन डिग्री कॉलेज, गोविंदपुरी में आयोजित की गई। बैठक में ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच के गठन पर सहमति बनी और समाज की एकता, संगठन, सम्मान तथा विभिन्न मुद्दों पर सामूहिक रणनीति तैयार करने का निर्णय लिया गया। बैठक में तय किया गया कि श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज संयुक्त मंच के मुख्य संयोजक होंगे। प्रदेश के प्रत्येक ब्राह्मण संगठन से चार-चार संयोजक सदस्य शामिल किए जाएंगे, जबकि जिला और नगर स्तर पर क्षेत्रीय प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। सभा को संबोधित करते हुए श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज ने कहा कि संत समाज हमेशा समाजहित के कार्यों में ब्राह्मण समाज के साथ खड़ा है और समाज के उद्देश्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2027 के हरिद्वार कुंभ में ब्राह्मण समाज संयुक्त मंच के सदस्य निरंजनी अखाड़े के साथ शाही स्नान करेंगे। इस दौरान भगवान परशुराम की पालकी भी शाही जुलूस का हिस्सा होगी और उनके प्रतीक विग्रह का हर की पैड़ी स्थित पवित्र ब्रह्मकुंड में शाही स्नान कराया जाएगा। श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी ने संयुक्त मंच के संरक्षक मंडल में आनंद पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी महाराज, शांभवी पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप गिरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी वेदमूर्ति महाराज, योग एवं इनर पीस फाउंडेशन के स्वामी संतोषानंद गिरी महाराज तथा स्वामी कार्तिक गिरी महाराज को शामिल किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार अन्य संतों को भी संरक्षक मंडल में शामिल किया जाएगा। बैठक में संयुक्त मंच का मुख्य कार्यालय श्री निरंजनी अखाड़ा, हरिद्वार में स्थापित करने पर भी सहमति बनी। कार्यक्रम में देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और अन्य क्षेत्रों के विभिन्न ब्राह्मण संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *