हरिद्वार: हरिद्वार जनपद के रुड़की क्षेत्र में सोमवार देर रात कांवड़ पटरी मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। आपस मे टकराई बाइक से हादसा इतना भीषण था कि दोनों मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना रुड़की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के बाजूहेड़ी गांव के पास स्थित कांवड़ पटरी मार्ग पर सोमवार देर रात हुई। चश्मदीदों ने बताया कि दोनों मोटरसाइकिलें तेज रफ्तार से विपरीत दिशाओं से आ रही थीं। इसी दौरान दोनों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार कई फीट दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, तीन युवकों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।