गौला में डूबे युवक का एसडीआरएफ ने दूसरे दिन किया शव बरामद

नैनीताल: जिला कंट्रोल रूम, नैनीताल से राज्य आपदा प्रतिवादन बल को सूचना प्राप्त हुई कि गौला पुल के नीचे एक युवक नदी में डूब गया है। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ पोस्ट नैनीताल से उप निरीक्षक मनोज रावत के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक डीप डाइविंग एवं सर्च उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचकर एसडीआरएफ टीम ने नदी में रस्सी एवं कांटों की सहायता से गहन तलाशी अभियान चलाया। साथ ही डीप डाइविंग उपकरणों के माध्यम से लगभग 15 फीट गहराई तक पानी के भीतर व्यापक खोजबीन की गई। नदी का क्षेत्र विस्तृत होने के कारण आसपास के संभावित स्थानों पर भी सघन सर्चिंग की गई, किन्तु देर शाम तक लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। रात्रि में अंधेरा एवं प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण सर्च अभियान को स्थगित कर दिया गया। आज टीम दोबारा सर्च अभियान शुरू किया। टीम के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप डूबे हुए युवक का शव बरामद कर लिया गया है। मृतक की पहचान प्रियांशु बिष्ट, पुत्र गोविंद सिंह, निवासी लालकुआं, हल्द्वानी के रूप में हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *