देहरादून। देहरादून पुलिस ने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम को एक चर्चित हत्याकांड में कथित रूप से फंसाने की साजिश रचने के आरोप में ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को गिरफ्तार किया है। न्यायालय ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पांच जनवरी को दुष्यंत कुमार गौतम ने कोतवाली डालनवाला में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने कुछ राजनीतिक दलों के साथ मिलकर उनकी तथा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से फर्जी और मनगढ़ंत ऑडियो-वीडियो तैयार कर उनका प्रसार किया। तहरीर में सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक सामग्री प्रसारित कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने और उपद्रव फैलाने की साजिश का भी आरोप लगाया गया था।
तहरीर के आधार पर कोतवाली डालनवाला में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने विस्तृत विवेचना के निर्देश दिए थे।
विवेचना के दौरान एकत्र साक्ष्यों, गवाहों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 308(6) भी जोड़ी। इसके बाद पुलिस टीम ने 14 जून को मुखबिर की सूचना पर सुरेश राठौर को बिहारीगढ़ फ्लाईओवर के निकट से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुरेश राठौर (66) हरिद्वार जनपद की ज्वालापुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रह चुके हैं। उन्हें न्यायालय में पेश किए जाने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।