ऋषिकेश। देवप्रयाग ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना देवप्रयाग क्षेत्र के चकासा स्थित गंगा होटल दर्शन के समीप एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक इनोवा वाहन 200 मीटर गहरी खाई में गिरने के बाद गंगा नदी में समा गयी। घटना स्थल से 2 शव बरामद किये गए हैं। जबकि एक गंभीर घायल को अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, देवप्रयाग क्षेत्र के चकासा में एक इनोवा कार वाहन संख्या UK 08 TA 5433 अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिरने के बाद गंगा नदी में समा गई। हादसा इतना भीषण था कि सड़क किनारे लगा क्रैश बैरियर भी वाहन को रोक नहीं सका. कार बैरियर को तोड़ते हुए सीधे गहरी खाई में जा गिरी और तेज बहाव वाली गंगा नदी में समा गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग पुलिस टीम और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। SDRF की ब्यासी, श्रीनगर एवं ढालवाला की टीमें स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से घटनास्थल पर सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान संचालित कर रही हैं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार वाहन में सवार व्यक्ति राजस्थान राज्य के निवासी बताए जा रहे हैं। अन्य संभावित लापता व्यक्तियों की तलाश हेतु SDRF एवं पुलिस द्वारा नदी तट एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है। वाहन में सवार व्यक्तियों की संख्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की जा रही है।

