आईपीएल मैच में ऑनलाइन सट्टेबाजी कर रहे 05 गिरफ्तार – News Debate

आईपीएल मैच में ऑनलाइन सट्टेबाजी कर रहे 05 गिरफ्तार

पुलिस तथा उत्तराखण्ड एसटीएफ की संयुक्त टीम ने किया गया भंडाफोड़

दुबई से संचालित महादेव एप से जुडे गिरोह केे तार

मौके से बडी मात्रा में सट्टे में प्रयोग किये जा रहे इलेक्ट्रानिक उपकरण हुए बरामद

सट्टा खिलवाने में प्रतिबन्धित महादेव एप व रेडीबुक बैटिंग एप का किया जा रहा था इस्तेमाल

देहरादून। पुलिस और एसटीएफ बसंत विहार क्षेत्र स्थित ऋषि विहार कॉलोनी में किराये के फ्लैट में चल रहे ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मौके से 05 आरोपियों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से आईपीएल मैच पर सट्टा खिलाते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा ऑनलाइन वेबसाइट एवं व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ग्राहकों को जोड़कर सट्टेबाजी करवाने की बात स्वीकार की गई। मौके पर आरोपियों के कब्जे से 03 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 22 एटीएम कार्ड एवं एयरटेल वाई-फाई कनेक्शन बरामद किये गये। अभियुक्तों के विरुद्ध थाना बसंत विहार में धारा 3/4 जुआ अधिनियम 1867 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा बताया कि वे लोग रेडीबुक बैटिंग एप के माध्यम से आईपीएल में आनॅलाईन सट्टा खिलाते है। इस एप के यूजर आईडी, पासवर्ड आदि सुमित यादव जो उनका बॉस है तथा दिल्ली गुड़गांव मे रहता है, उन्हें उपलब्ध कराता था। आई०डी० व पासवर्ड उसे दुबई से प्राप्त होते हैं, एप का एक्सेस प्राप्त होने के बाद उनके द्वारा सट्टा खेलने वालो के यूजर आईडी व पासवर्ड बनाये जाते हैं और उनसे एकाउंट में पैसे जमा कराने के बाद उन्हें ऑनलाइन सट्टा खिलवाया जाता है। कार्यवाही के दौरान टीम को अभियुक्तों के ऐसे कई बैंक एकाउन्टो की जानकारी मिली है, जिनमे पैसे का लेन-देन किया जा रहा था, जिसकेे सम्बन्ध में जांच की जा रही है।

पूछताछ में जानकारी मिली कि उक्त फ्लैट अंकित कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी: ग्राम- मोहम्मदपुर इमलीखेडा, तहसील रूडकी, जिला हरिद्वार का है, जिसे सुमित यादव द्वारा किराये पर दिलवाया गया था तथा बीच-बीच में वो स्वंय भी देहरादून उक्त फ्लैट में आया-जाया करता था। इसके अतिरिक्त आरोपियों से पूछताछ में सुमित यादव के बडे स्तर पर ऑनलाइन सट्टे में लिप्त होने के साथ-साथ उसके पूर्व में महादेव बैटिंग एप व उसके मालिक सौरभ चन्द्राकर से भी जुड़े होने व महादेव बैटिंग एप के भारत में बैन होने के पश्चात उसके द्वारा रेडीबुक बैटिंग एप पर काम प्रारम्भ करने की जानकारी भी पुलिस को प्राप्त हुई है। साथ ही महादेव एप व रेडीबुक बैटिंग एप के भारत में प्रतिबन्धित होने के कारण उसके संचालको द्वारा उसे दुबई से संचालित किया जाना प्रकाश में आया है, जिसके सम्बन्ध में और अधिक जानकारी जुटाई जा रही है। टीम द्वारा सभी बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों एवं बैंकिंग दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों के सम्बन्ध में भी जानकारियां जुटाई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

1- सुनील शर्मा निवासी- सरगुजा, छत्तीसगढ़
2- संदीप गुप्ता निवासी सरगुजा, छत्तीसगढ़
3- संदीप कुमार निवासी औरंगाबाद, बिहार
4- अकरंद शर्मा निवासी सरगुजा, छत्तीसगढ़
5- अभिषेक शर्मा निवासी सरगुजा, छत्तीसगढ़

बरामदगी

1- 03 लैपटॉप
2- 17 मोबाइल फोन
3- 22 एटीएम कार्ड
4- एयरटेल एक्सट्रीम फाइबर कनेक्शन
5- ऑनलाइन सट्टेबाजी से संबंधित डिजिटल सामग्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *