चमोली। मौसम के बदले तेवर काश्तकारों के साथ ही पशु पालकों के लिए भी मुश्किल साबित हो रहे हैं। जनपद के दशोली विकासखंड की निजमुला घाटी में देर रात आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक दर्जन से अधिक भेड़पालकों की करीब 500 बकरियों की मौत हो गई। जिससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हो गया है।
बताया जा रहा है कि गौणा-भनाली तोक क्षेत्र में अचानक मौसम खराब होने से यह हादसा हुआ। प्रभावित भेड़पालकों में राकेश सिंह, हुकम सिंह और मदन लाल समेत कई लोग शामिल हैं। पीड़ितों का कहना है कि एक ही पल में उनकी सालों की मेहनत खत्म हो गई और अब उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन अलर्ट हो गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग ने पहले ही 3 से 5 मई तक जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। जिसके दौरान तेज बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई थी।
पीड़ित भेड़पालकों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कर मुआवजा देने की मांग की है।