हल्द्वानी। शादी समारोह मे शिरकत कर सुरक्षित घर पहुंचे युवकों को मौत कैसे खींच लाई रविवार हो टांडा के जंगल मे हुए हादसे ने समझा जा सकता है। रविवार देर रात हुए सड़क हादसे मे तीन युवकों की मौत हो गयी। तीनों दोस्त शादी समारोह मे छूटे मोबाइल को लेने पंत नगर से हल्द्वानी जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार जसपुर के महुवाखेड़ा मजरा निवासी 20 वर्षीय अनिकेत, जो नोएडा की एक कंपनी में कार्यरत था, अपने दोस्तों के साथ हल्द्वानी में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। अनिकेत सुबह रुद्रपुर पहुंचा और वहां से अपने दोस्त आकाश (24), जो रामपुर (यूपी) का रहने वाला था उसके पंतनगर स्थित कमरे पर गया। शाम को दोनों अपने तीसरे मित्र रोहन (22), निवासी बगड़ी रुड़की (हरिद्वार), के साथ स्कूटी से हल्द्वानी में शादी समारोह में शामिल होने गए।
रात में समारोह से लौटकर तीनों पंतनगर वापस आ गए थे. लेकिन इसी दौरान उन्हें पता चला कि उनका एक मोबाइल हल्द्वानी में ही छूट गया है। मोबाइल लेने के लिए तीनों दोस्त देर रात करीब 12 बजे दोबारा स्कूटी से हल्द्वानी के लिए निकल पड़े। बताया जा रहा है कि जब वे संजय नगर से लगभग दो किलोमीटर आगे टांडा जंगल के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार से उनकी स्कूटी की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना आमने-सामने की टक्कर के कारण हुई है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। बच्चों के शव देखकर परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये हैं।