हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज – News Debate

हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज

सत्यम शिवम छात्र संगठन ने दी तहरीर, शोसल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रियाएं जारी

देहरादून। देहरादून के डीएवी (पीजी) कॉलेज में आयोजित छात्र संघ समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अश्लील और आपत्तिजनक भाषा के लिए हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी (सत्यम शिवम छात्र संगठन) की ओर से थाना डालनवाला में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि 11 अप्रैल को कॉलेज परिसर में आयोजित सार्वजनिक मंच कार्यक्रम के दौरान गायक की ओर से अश्लील और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे वहां मौजूद छात्र-छात्राओं और आम लोगों की भावनाएं आहत हुईं।
तहरीर के आधार पर थाना डालनवाला में आरोपित के खिलाफ मु.अ.सं. 63/2026 के तहत धाराओं 296, 352, 79 और 351(3) में मामला दर्ज किया गया है। रविवार रात्रि 12 अप्रैल को रात 11:16 बजे प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है।

गौरतलब है कि 11 अप्रैल को कॉलेज परिसर में आयोजित छात्रसंघ कार्यक्रम में गायक को प्रस्तुति के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भरे मंच से बार-बार आपत्तिजनक और अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे मौके पर मौजूद छात्र-छात्राओं और आम लोगों में नाराजगी फैल गई।

कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया और इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद आक्रोश फैल गया। मामले मे अन्य राज्यों से भी सिंगर और मंच पर अन्य लोगों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *