चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम: प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और ट्रैफिक के कड़े इंतजाम – News Debate

चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम: प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और ट्रैफिक के कड़े इंतजाम

परेड ग्राउंड के लिए डायवर्जन प्लान लागू, डीएम-एसएसपी ने किया स्थल निरीक्षण

देहरादून। परेड ग्राउंड में 23 मार्च (सोमवार) को आयोजित होने वाले धामी सरकार के “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों और गणमान्य अतिथियों के आगमन की संभावना को देखते हुए एक ओर जहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है, वहीं विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान भी लागू किया गया है।

रविवार को जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं और कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।

शहर मे बदला ट्रैफ़िक रूट

प्रशासन की ओर से जारी ट्रैफिक प्लान के तहत विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट, ड्रॉप प्वाइंट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। मसूरी,राजपुर रोड, विकासनगर, चकराता, रुड़की, आईएसबीटी, रायपुर, सहस्त्रधारा और डोईवाला से आने वाले वाहनों को तय मार्गों से होते हुए निर्धारित स्थानों पर ही रोका जाएगा।

शहर में चलने वाले विक्रम (शेयर ऑटो) और सिटी बसों के रूट में भी बदलाव किया गया है। कई प्रमुख चौराहों से वाहनों को डायवर्ट कर वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा, ताकि कार्यक्रम स्थल के आसपास यातायात का दबाव कम किया जा सके। वाहनों की पार्किंग के लिए बसों के लिए रेसकोर्स, रेंजर्स ग्राउंड और गुरुनानक स्कूल ग्राउंड चिन्हित किए गए हैं, जबकि कार और दोपहिया वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, काबुल हाउस, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग, डूंगा हाउस सहित अन्य स्थान निर्धारित किए गए हैं।
यातायात नियंत्रण के लिए परेड ग्राउंड के आसपास आउटर और इनर मिलाकर कुल 9 बैरियर लगाए जाएंगे। आउटर बैरियर से केवल वीआईपी और पासधारक वाहनों को ही सीमित प्रवेश मिलेगा, जबकि इनर बैरियर से आम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आम नागरिक निर्धारित ड्रॉप प्वाइंट से पैदल ही कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। अधिकारियों ने लोगों से ट्रैफिक प्लान का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है, ताकि कार्यक्रम सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *