रुद्रप्रयाग। पर्वतीय क्षेत्रों में हिंसक बाघ और गुलदार के जानलेवा हमले नही रुक रहे हैं।
रुद्रप्रयाग के सिन्द्रवाणी गांव में पांच वर्षीय बच्चे दक्ष को उसकी मां की गोद से छीनकर गुलदार जंगल ले गया था। मासूम का शव बरामद कर लिया गया है। घटना से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
गौरतलब है कि सोमवार को न्याय पंचायत सारी की सिन्द्रवाणी गांव में हेमंत सिंह का पांच वर्षीय पुत्र दक्ष शाम करीब पांच बजे अपनी मां के साथ घर के आंगन में मौजूद था। इसी दौरान अचानक घात लगाए बैठे गुलदार ने झपट्टा मारकर बच्चे को मां के हाथों से छीन लिया और जंगल की ओर फरार हो गया। घटना इतनी अचानक हुई कि मां कुछ समझ पाती, उससे पहले ही गुलदार बच्चे को उठा ले गया। देर रात तक ग्रामीण बच्चे की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कहीं पता नही चला।
घटना के बाद प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए चार और पांच फरवरी को क्षेत्र के आठ विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। लोग अब बच्चो की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।