सीएम ने जवानों और दिव्यांग बच्चों के साथ मनाया जन्म दिन – News Debate

सीएम ने जवानों और दिव्यांग बच्चों के साथ मनाया जन्म दिन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपना जन्म दिन जवानों और बच्चों के साथ मनाया। भाजपा ने मुख्यमंत्री का जन्म दिन संकल्प दिवस के रूप मे मनाया।

मुख्यमंत्री ने सीमाद्वार, देहरादून में आई.टी.बी.पी द्वारा ‘संकल्प दिवस’ पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों एवं जवानों के बीच केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। इस मौक़े पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना एवं विद्यार्थियों से जुड़े कार्यक्रम हमेशा नई ऊर्जा देते हैं। अनेकता में एकता ही भारत की विशेषता है। हमारे जवान देश की सुरक्षा से लेकर हर क्षण सेवा हेतु तत्पर रहते हैं। सैनिकों एवं उनके परिवार का जीवन हमेशा ही संघर्ष भरा रहता है। हमारी सेना एवं अर्धसैनिक बलों का इतिहास हमेशा से ही शौर्य और पराक्रम का रहा है। मुख्यमंत्री  ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान सम्मान स्वाभिमान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव पूरे देश में धूमधाम के साथ मनाया गया। अब देश का अमृतकाल शुरू हो चुका है।

इस अवसर पर विधायक सुरेश गड़िया, आईजी आई.टी.बी.पी श्री नीलाभ किशोर, आईटीबीपी के अन्य अधिकारी व जवान तथा केंद्रीय विद्यालय के बच्चे मौजूद थे।

दिव्यांगो के साथ मनाया जन्म दिन

मुख्यमंत्री ने एन.आई.वी.एच राजपुर रोड देहरादून में संकल्प दिवस के अवसर पर दिव्यांग बच्चों से भेंट की और दिव्यांग बच्चों के साथ अपना जन्म दिवस मनाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय दृष्टि बाधित संस्थान को 25 लाख रूपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एन.आई.वी.एच में बच्चों से मिलकर आत्मीय शांति और संतोष का अनुभव हुआ है। उन्होंने कहा कि संकल्प शक्ति एवं इच्छा शक्ति ऐसी शक्तियां हैं, जिनसे हम सब कुछ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा हर संभव सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। आज दिव्यांग अनेक क्षेत्र में अपनी प्रतिभाओं के दम पर सराहनीय कार्य भी कर रहे हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, एन.आई.वी.एच. के निदेशक हिग्मांशु दास एवं अन्य गणमान्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *