राजस्थान। राजस्थान के जैसलमेर में मंगलवार दोपहर हुए हादसे मे 20 लोगों की मौत हो गयी तथा कई लोग झुलसे हैं। जोधपुर जा रही एक प्राइवेट बस (RJ 09 PA 8040) में भीषण आग लग गई, जिससे सवार 20 यात्रियों की मौत हो गई कई यात्री झुलस गए है। झुलसे यात्रियों को इलाज के लिए तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाया गया है।
बताया जाता है कि 19 लोग बस में ही मारे गए और 1 यात्री जोधपुर ले जाते समय गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ गया। जैसलमेर जिला प्रशासन ने मृतकों की पहचान के लिए DNA टेस्ट की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव इतने जले हुए हैं कि उनकी पहचान केवल डीएनए के माध्यम से ही संभव होगी। मृतकों के शवों को परिवार के हवाले करने से पहले डीएनए मैचिंग की जाएगी।
जैसलमेर प्रशासन के अनुसार जैसलमेर से जोधपुर जा रही निजी बस (RJ 09 PA 8040) में चलते समय अचानक आग लग गई। दुर्घटना में घायल 16 यात्रियों को जैसलमेर जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर के लिए रेफर किया गया। जिला प्रशासन की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मॉडिफ़ाइड बस मे न एक्जिट गेट था और न हो शीशे तोड़ने के लिए हैमर था। आग की घटना के बाद लोग चीखते रहे, लेकिन बाहर नही निकल पाए। बस नई थी और 2025 को आल इंडिया परमिट जारी हुआ था।