देहरादून। अमर उजाला के ब्यूरो चीफ राकेश खण्डूड़ी का इलाज के दौरान निधन हो गया। खण्डूड़ी अमर उजाला की देहरादून यूनिट में कार्यरत थे। उन्होंने बुधवार देर रात अंतिम सांस ली।
बीते कुछ समय से दिल की बीमारी से जूझ रहे थे। उनका इलाज एम्स ऋषिकेश में चल रहा था। गत दिवस उनका ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद उनकी स्थिति बिगड़ती चली गयी।
खण्डूड़ी ने हिमाचल प्रदेश में भी अमर उजाला में अपनी सेवाएं दी। बीते कई साल से वे देहरादून में पत्रकारिता कर रहे थे। वे मौसम की परवाह न करते हुए रोज डोईवाला से देहरादून काम करने आते थे। अक्सर फेसबुक पर वे माउथ आर्गन पर फिल्मी धुनें सुनाया करते थे।
खंडूरी के निधन की खबर सुनते ही पत्रकारिता जगत में शोक व्याप्त हो गया। तमाम पत्रकार, राजनैतिक दलों के लोग उनके डोईवाला स्थित आवास पहुंचे। वरिष्ठ पत्रकार खण्डूड़ी के निधन पर सीएम पुष्कर सिंह धामी भी उनके आवास पहुंचे और शोक संतिप्त परिजनों को धैर्य बंधाय। इस मौके पर पूर्व सीएम डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, कांग्रेस नेता सूरीकांत धस्माना, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी समेत विभिन्न पत्रकार, राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के लोग मौजूद रहे।