खाई मे गिरी युवको की बाइक, दो की मौके पर मौत, गाँव मे कोहराम

टिहरी। जनपद टिहरी के प्रतापनगर विकासखंड में सोमवार रात सड़क दुर्घटना में बाइक सवार 17-18 वर्षीय दो लड़कों की बाइक खाई मे गिर गयी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। दुर्घटना उपली रमोली पट्टी के ओनालगांव के पास कौडार-दीनगांव-मुखेम मोटर मार्ग पर हुई।

जानकारी के अनुसार मृतक 17 वर्षीय विपिन पोखरियाल पुत्र अजय सिंह निवासी ग्राम पोखरी और 18 वर्षीय बालकृष्ण राणा पुत्र गोविंद राणा निवासी मुखमाल गांव अपने आधार कार्ड को अपडेटकराने सोमवार सुबह घर से निकले थे। प्रतापनगर ब्लॉक में तकनीकी खराबी के कारण उनका कार्य नहीं हो पाया, जिसके चलते वे आधार अपडेट कराने उत्तरकाशी चले गये। आवश्यक कार्य निपटाने के बाद दोनों देर शाम घर लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि सोमवार रात लगभग आठ बजे जब दोनों युवक बाइक से ओनालगांव के पास पहुँचे तो उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस व प्रशासन को दी। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुँचा और ग्रामीणों की मदद से दोनों को खाई से बाहर निकाला। तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। दोनों शवों को पंचनामा भरकर परिजनों को सौंप दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुँच गये। असमय युवको के काल कवालित होने से गाँव और परिवार मे कोहराम मच गया। मंगलवार को दोनों का उनके पैतृक घाट पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।

प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण मार्ग पर अंधेरा होना बताया जा रहा है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आयेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *