चमोली। राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों मे बारिश का कहर जारी है। गुरुवार को चमोली जिले के नंद प्रयाग मे बादल फटने की सूचना आयी है। चमोली पुलिस के अनुसार बारिश के कारण नदियों का जल स्तर भी बढ़ गया है। हालांकि बारिश के कारण कहीं कोई जन हानि का समाचार नही है। पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद है।
राज्य मे बुधवार से पर्वतीय क्षेत्रों मे बारिश चल रही है। मौसम विभाग ने इसके लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है। ओले और तेज बारिश के चलते फसलों को भी नुकसान की खबर है।
गौरतलब है कि बुधवार को भी चमोली जिले मे आसमानी आफत बरसी थी। थराली देवाल मोटरमार्ग पर थराली रामलीला मैदान के समीप सिपाही गदेरे से आये मलबे की चपेट में आने से एक आल्टो कार और एक स्कोर्पियो मलबे में दब गयी। वहीं कर्णप्रयाग ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग भी नासिर बाजार के समीप अवरुद्ध हो गया। हालांकि सड़क को आज खोल दिया गया।
राजधानी देहरादून मे भी आज बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश और ओले बरसे। हालांकि तापमान मे कुछ कमी महसूस की गयी।