भाजपा संगठन पर्व की कार्यशाला मे संगठन के अधिक मजबूती का संकल्प
देहरादून। भाजपा ने पार्टी मे अनुशासनहीनता के लिए लक्ष्मणरेखा खींच दी है। पार्टी मे अनुशासनहीनता की परिधि मे आये लोगों को अब भविष्य मे पद नही दिये जायेंगे और न ही पार्टी मे वापसी होगी।
भाजपा संगठन पर्व की प्रदेश कार्यशाला में केंद्रीय पर्यवेक्षक राजकुमार चाहर, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी एवं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में एक सुर मे 2027 विधानसभा समेत सभी चुनावों में जीत की दृष्टि से मजबूत संगठन तैयार करने का निर्णय लिया गया। यह भी स्पष्ट किया गया कि अनुशासनहीन , पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल व्यक्ति को किसी भी कीमत पर पार्टी में नहीं लिया जाएगा ना ही पार्टी में कोई पद दिया जाएगा ।
कार्यशाला के प्रथम सत्र मे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संगठन पर्व के इस महत्वपूर्ण चरण में मंडल और जिला अध्यक्षों का चयन होना है। उनके आधार पर तैयार होने वाले मजबूत संगठन के नेतृत्व में ही हम 2027 का विधानसभा समेत सभी चुनावों को जीतना है। हमे आने वाली सभी राजनैतिक चुनौतियों के लिए नई टीम बनानी है। उन्होंने कहा, मोदी जी के मार्गदर्शन में प्रदेश, डबल इंजन की सरकार में तेजी से विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने दिल्ली चुनाव का जिक्र करते हुए कहा, में जब भी वहां भाषण देता था तो शुरुआत में राज्य के विकास कार्य एवं उपलब्धियों को सामने रखता था। उस समय मेरा एक ही सवाल जनता से रहता था कि ऐसा क्यों हो पा रहा है तो लोगों का एक सुर में जवाब होता था डबल इंजन सरकार। यही वजह है कि लगातार राज्य दर राज्य डबल इंजन की सरकार को जनता द्वारा प्राथमिकता मिल रही है। उन्होंने प्रदेश में पार्टी के जीत के अभियान का जिक्र करते हुए कहा प्रदेश ने सरकार बदलने का मिथक तोड़कर नई पर परिपाटी बनाते हुए हमें दूसरी बार मौका मिला है। वहीं लोकसभा में लगातार पांचो सीटों पर तीसरी बार और उपचुनाव समेत निकाय चुनाव में भी शानदार जीत हमने हासिल की है।
उन्होंने कहा, हमारे पास पीएम मोदी के रूप में दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेतृत्व और भाजपा के रूप में सबसे बड़ा संगठन है। हमारी डबल इंजन की सरकार केंद्र के साथ राज्य में भी विकास की गाड़ी, तीव्र गति से दौड़ा रही है। हम पीएम मोदी के मुंह से निकले बाबा केदार के उन शब्दों को सार्थक करने में जुटे हैं कि सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा। प्रदेश को विकसित बनाने का हमारा यह संकल्प सरकार, संगठन और जन सामान्य सबके योगदान से हो रहा है।
कार्यशाला में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में लोकसभा सांसद एवं किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजकुमार चाहर ने संगठन चुनाव को लेकर शीर्ष नेतृत्व के दिशा निर्देशों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा देश भर में मोदी जी के मार्गदर्शन में हम डबल इंजन सरकारों को बार-बार स्थापित करने में कामयाब हो रहे हैं। जिसमें बहुत बड़ा योगदान है हमारे अतुलनीय कार्यकर्ताओं और बेजोड़ संगठन का है। हमारे पास राष्ट्र और समाज के लिए कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की पूरी फौज है जो अन्य दलों की भांति कभी थकती नहीं है। राज्य में इस अभियान की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, हमने 15 लाख के सापेक्ष 21 लाख प्राथमिक सदस्य बनाए हैं, वही सक्रिय कार्यकर्ताओं के लक्ष्य को भी हमने पार किया है।
इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जमकर तारीफ की और कहा देशभर के राज्यों में उनके किये ऐतिहासिक और साहसिक कार्यों की चर्चा हो रही है। आज मुख्यमंत्री धामी जहां-जहां जाते हैं उनके प्रवास और प्रयासों का लाभ चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिल रहा है। मोदी जी ने केंद्र में दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के संकल्पना के अनुसार जो कार्य श्री राम मंदिर निर्माण और धारा 370 एवं तीन तलाक समाप्त करके किया, वही कार्य उत्तराखंड में धामी सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू कर किया है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि अब मंडल और जिलों में ऐसे सक्षम, समर्थ और समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम चयन का समय आ गया है, जिनके दम पर हमे 2027 में तीसरी बार भाजपा सरकार उत्तराखंड में बनानी है। लिहाजा हमे सभी सामाजिक, क्षेत्रीय और वर्गों को ध्यान में रखते हुए मजबूत संगठन खड़ा करना है। हम सबका प्रयास होना चाहिए कि फरवरी तक जिला अध्यक्षों के चुनाव हो जाए ताकि मार्च मैं होने वाले राष्ट्रीय अध्यक्षों के निर्वाचन में राज्य की भागीदारी भी सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी कीमत पर अनुशासनहीनता करने वाले को पद नहीं दिया जाए और ऐसा करने में सिर्फ प्रदेश नेतृत्व ही नहीं आप सभी पर्यवेक्षकों और कार्यकर्ताओं को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हम सब की प्राथमिकता सर्वसम्मति से चयन सुनिश्चित करने की होनी चाहिए।
कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने संगठन पर्व को लेकर आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि हमें अच्छे कार्यकर्ता को आगे लाना है जो सबको साथ लेकर चले और पार्टी के प्रति समर्पित हो। वहीं सभी से आग्रह किया कि सभी बूथ इकाइयों की जानकारी शीघ्र सरल ऐप पर डाउनलोड किया जाए। उन्होंने संगठन पर्व को लेकर अब तक की गतिविधियों की जानकारी सभी जिला चुनाव अधिकारियों से बारी बारी से ली। वही उन्होंने भी स्पष्ट किया कि टीम के गठन में अनुशासन प्राथमिकता में होना चाहिए ताकि अच्छे संगठनकर्ता तैयार हों। क्योंकि यही टीम होगी, जो आने वाले सभी चुनावों को लीड करेगी।संगठन चुनाव के राष्ट्रीय सह चुनाव प्रभारी एवं राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल ने कहा, संगठन के ढांचे के लिए उसकी नींव का मजबूत होना बहुत जरूरी है।
इस अवसर पर प्रदेश सह प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा वर्मा ने कहा कि सबकी मेहनत हमे चुनाव में लगातार मिल रही जीत में देखा जा सकता है। अब यही कोशिश अपने नई टीम तैयार करने में दिखानी है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि कार्यशाला में आगामी कार्यकर्ताओं को लेकर पदाधिकारी द्वारा प्रस्तुतीकरण भी किया गया। जिसके क्रम में सुरेश गढ़िया द्वारा एक राष्ट्र एक चुनाव कार्यक्रम, राजेंद्र बिष्ट द्वारा संविधान गौरव अभियान, अनिल गोयल द्वारा बजट पर चर्चा, आदित्य कोठारी द्वारा अटल जन्म शताब्दी वर्ष, खिलेंद्र चौधरी द्वारा सहकारिता चुनाव को लेकर अब तक की गतिविधियों और आगामी योजनाओं की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई।