कम वोटिंग और अव्यवस्थाओं की राज्यपाल से शिकायत करेगी कांग्रेस

कम मतदान के लिए राज्य चुनाव आयोग व प्रदेश सरकार की कमजोर तैयारियां जिम्मेदार: सूर्यकांत धस्माना

देहरादून। निकाय चुनावों मे कम मतदान, मतदाता सूची मे गड़बड़ी, नाम कटने अथवा अव्यवस्थाओं को लेकर तमाम आरोप लगा रही कांग्रेस अब निर्वाचन आयोग और सरकार की शिकायत राज्यपाल से करेगी।

कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि राजधानी देहरादून जो प्रदेश का सबसे बड़ा नगर निगम है उसका मतदान प्रतिशत के हिसाब से राज्य में सौ में 96 वां स्थान आना अपने आप में राज्य में संपन्न हुए चुनावों में हुई अव्यवस्थाओं की पोल खोलता है। जहां वीवीआईपी मतदाताओं की भरमार है जिसमें अनेकों वीवीआईपी समेत हजारों आम मतदाता वोट देने से वंचित रह गए।

धस्माना ने कहा कि राज्य के ग्यारह नगर निगमों में सबसे अधिक वोट रुद्रपुर में व सबसे कम वोट देहरादून में 55.9 प्रतिशत पड़े जिसका कारण जहां एक ओर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में ना होना या गलत होना और दूसरा वोट के लिए कम मतदान केंद्रों व कम बूथों का होना था । उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में वृद्ध व महिला मतदाता लंबी लंबी लाइनों के कारण वोट दिए बिना ही वापस घरों को चले गए जिसके कारण मतदान प्रतिशत में भारी कमी आई। धस्माना ने कहा कि वे राज्य राज्य निर्वाचन आयोग व सरकार के द्वारा हुई इस बड़ी चूक के खिलाफ मतगणना के बाद राज्य के राज्यपाल से इसकी शिकायत दर्ज करेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *