कोटद्वार(चन्द्रपाल सिंह चन्द)। पौड़ी जनपद के पोखड़ा ब्लाक में आज एक सड़क हादसे में दो व्यक्तियों की मौत हो गयी। दोनो मृतक एक ही गाँव के निवासी थे।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक चौबट्टाखाल तहसील के अंतर्गत पोखड़ा ब्लाक के संगलाकोटी -जयखाल मोटर मार्ग पर एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर लगभग डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में आल्टो कार चालक समेत दो ब्यक्तियो की मौत हो गई। कार सवार दोनो ब्यक्ति संगलाकोटी से अपने गाँव ग्राम मरड़ालगा अंधखिल लौट रहे थे।
मृतकों की शिनाख्त धीरज सिंह (54) पुत्र बलवंत सिंह ग्राम मरड़ा लगा अंधखिल व मेहरबान सिंह (52) पुत्र रघुवीर सिंह ग्राम मरड़ा लगा अंधखिल के रूप में हुई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची राजस्व पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकाला। राजस्व पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राजस्व उप निरीक्षक पिंगलापाखा संध्या रावत के अनुसार मृतक धीरज सिंह पोखड़ा ब्लाक की कोऑपरेटिव साधन सहकारी समिति देवराड़ी देवी में सचिव पद पर कार्यरत थे। गाँव से लगभग दो सौ मीटर पहले कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गयी। हादसे के बाद से मृतकों के गांव में मातम पसरा हुआ है।