अनदेखी के खिलाफ कांग्रेस का बेस चिकित्सालय के बाहर प्रदर्शन,पुतला दहन – News Debate

अनदेखी के खिलाफ कांग्रेस का बेस चिकित्सालय के बाहर प्रदर्शन,पुतला दहन

कोटद्वार(चन्द्रपाल सिंह चन्द)। महानगर कांग्रेस व जिला यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजकीय बेस चिकित्सालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए सरकार पर कोटद्वार की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। आक्रोशित कांग्रेसजनों ने प्रदर्शन के दौरान प्रदेश सरकार का पुतला भी दहन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक से चिकित्सालय की बदहाल ब्यवस्था सुधारने की मांग की है।

गुरुवार को राजकीय बेस चिकित्सालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए आक्रोशित कांग्रेसजनों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार की अनदेखी के चलते बेस चिकित्सालय की ब्यवस्थाएँ बदहाल हो गई हैं। वर्तमान में यहां चिकित्सकों के अनेक पद रिक्त पड़ें हैं। जबकि इस चिकित्सालय में पर्वतीय व मैदानी क्षेत्रों के लोग अपना इलाज कराने आते हैं। लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों न होने पर वह मायूस होकर वापस लौट जाते हैं। वहीं, चिकित्सालय में एक लंबे समय से निश्चेतक चिकित्सक नहीं होने से ऑपरेशन नहीं हो पा रहे हैं।
कांग्रेसजनों ने कहा कि इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या होगा कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री समेत विधायक पौड़ी जिले से हैं। लेकिन वह भी जनपद के सबसे बड़े इस चिकित्सालय में चिकित्सकों की तैनाती नहीं कर पा रहे हैं। जिस कारण यह चिकित्सालय रैफर सेंटर बन गया है।
कांग्रेसजनों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द बेस चिकित्सालय में निश्चेतक समेत अन्य चिकित्सकों की नियुक्ति नहीं हुई तो कांग्रेस जन सहयोग से उग्र आंदोलन करने पर मजबूर होगी। प्रदर्शन के दौरान अनेक कांग्रेसजन मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *