मंडलीय कार्यालयोें में बैठेंगे मंडल स्तरीय अधिकारी: गढ़वाल आयुक्त

सुमाड़ी में निर्माणाधीन एनआईटी से संबंधित स्थानीय निवासियों के हक हकूकों का ख्याल रखा जायेगा

पौड़ी(चन्द्रपाल सिंह चन्द)। नागरिक कल्याण एवं जागरूक विकास समिति तथा सुमाड़ी के ग्रामीणों द्वारा गढ़वाल आयुक्त से मुलाकात कर उन्हें अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया गया। आयुक्त ने शहर के विकास को लेकर नागरिक कल्याण मंच के प्रतिनिधियों की विभिन्न समस्याओं पर जल्द कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।
बुधवार को पौड़ी स्थित गढ़वाल आयुक्त कार्यालय में सुमाड़ी से आए प्रतिनिधि मण्डल ने मुलाकात के दौरान गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे से एनआईटी की मंजूरी के बाद निर्माणाधीन परिसर में ग्रामीण भूमि धारकों के अधिकारों व हक हकूकों को संरक्षित करने, एनआईटी की पाइपलाइन से ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध करवाने, निर्माणाधीन एनआईटी में स्थानीयों को रोजगार उपलब्ध करवाने, परिसर में गांव की कुलदेवी के स्थापित मंदिर में ग्रामीणों को निर्वाध रूप से पूजा अर्चना करने की अनुमति प्रदान करने की मांग की गयी। ग्रामीणों की मांगो पर गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि सुमाड़ी में निर्माणाधीन एनआईटी से संबंधित स्थानीय निवासियों के हक हकूकों का ख्याल रखा जायेगा तथा उनकी मांगों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जायेगा।
इस दौरान नागरिक कल्याण एवं जागरूक विकास समिति के पदाधिकारियों द्वारा आयुक्त को विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए गढ़वाल मंडल से मंडलीय कार्यालय का संचालन करने, सीएम घोषणाओं को पूर्ण करने, सीता माता सर्किट स्थापना, गैस गोदाम का संचालन पूर्व की भांति जनपद मुख्यालय पौड़ी से करने की मांग की गयी। आयुक्त पांडे ने प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार समस्त मण्डल स्तरीय अधिकारी मण्डलीय कार्यालयोें में बैठेंगे।
इस दौरान नागरिक कल्याण एवं जागरूक विकास समिति के अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत, संरक्षक झबर सिंह रावत, सचिव गब्बर सिंह नेगी, महासचिव केदार सिंह, अनीता रावत सहित सुमाड़ी गांव के अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *