ऑपरेशन स्माइल : कोटद्वार से गुमशुदा महिला कानपुर से सकुशल बरामद

कोटद्वार(चन्द्रपाल सिंह चन्द)। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट द्वारा ऑपरेशन स्माइल के तहत मानसिक रूप से कमजोर गुमशुदा महिला को कानपुर से सकुशल बरामद कर परिजनों की सुपुर्दगी में दिया गया है।

स्थानीय निवासी शशि देवी ने गत 28 मई को ऑपरेशन स्माइल टीम को सूचना देते हुए बताया कि मानसिक रूप कमजोर उनकी 49 वर्षीय पुत्री सुनीता देवी पत्नी स्व. वीरेन्द्र सिंह गत 19 मई को बिना बताये घर से कहीं चली गयी है। ऑपरेशन स्माइल टीम गुमशुदा महिला की सुरागरसी पतारसी में जुट गई थी। टीम द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से भी गुमशुदा की सूचना प्रसारित की गयी।
गुमशुदा के तलाश में जुटी पुलिस टीम को कानपुर की थाना अकबरपुरा पुलिस ने बताया कि उक्त महिला कचौसी, कानपुर के आसपास लावारिस हालत में घूम रही थी और जिसको काफी चोटें आयी हुयी थी। पुलिस द्वारा उक्त महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन स्माइल टीम गुमशुदा के परिजनों के साथ अकबरपुरा जिला अस्पताल पहुँची तो गुमशुदा महिला अस्पताल से कहीं अन्यत्र चली गयी थी। टीम व गुमशुदा के परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद गुमशुदा महिला को अकबरपुरा क्षेत्र से सकुशल बरामद कर कोटद्वार कोतवाली स्थित एंटी ह्यूमन कार्यालय में लाया गया। जहां महिला को उसके परिजनों की सपुर्दगी में दिया गया।
गुमशुदा को बरामद करने वाली ऑपरेशन स्माइल पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक सुमनलता, आरक्षी संजीव कुमार, आरक्षी शेखर सैनी, आरक्षी आकाश मीणा व महिला आरक्षी विद्या मेहता शामिल थे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *