अनुकृति के भाजपा ज्वाइन पर कांग्रेस का तंज, हृदय परिवर्तन या डर?

देहरादून। कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने अनुकृति गुसाई के भाजपा ज्वाइन करने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हो सकता है या तो वाकई में अनुकृति का हृदय परिवर्तन हुआ हो और वह अपने सारे दर्द और छाले जो भाजपा के द्वारा उन्हें और उनके परिवार को दिए गए उन्हें भूलकर भाजपा को आत्मसात करने गई है या फिर यह कहीं ना कहीं उन सारे आरोपो और ईडी,सीबीआई से पल्ला छुड़ाने के लिए उठाया गया स्वार्थवश कदम दिखता है ।

जारी बयान मे दसौनी पूछा कि भारतीय जनता पार्टी बताएं कि अनुकृति गुसाई पर जिन मामलों के तहत ईडी और सीबीआई की जांच और पूछताछ चल रही थी क्या अब ये समझा जाए कि वह तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गई है या वह सभी भ्रष्टाचार के मामले जो भारतीय जनता पार्टी ने पिछले कुछ सालों में उनके परिवार पर लगाए थे वह सब भारतीय जनता पार्टी की वाशिंग मशीन में जाकर घुल चुके हैं?

दसौनी ने कहा की कुछ लोग ऐसे होते हैं जिन पर कभी भरोसा नहीं किया जा सकता है। अनुकृति गुसाई कांग्रेस के द्वारा दिये गये सम्मान को नही पचा पाई। दसोनी ने कहा कि अनुकृति गोसाई को कांग्रेस ज्वाइन करते ही लैंसडाउन का टिकट थाल में परोस कर दे दिया गया। कांग्रेस मे विधानसभा टिकट लेने के लिए कार्यकर्ताओं में होड़ लगी रहती है एवं जिसके लिए सालों साल कार्यकर्ता पार्टी को अपना योगदान देते हैं उसके बाद जाकर कहीं पार्टी का टिकट नसीब होता है। गुसाई को पलक झपकते ही टिकट नसीब हो गया इसीलिए शायद वह सम्मान का मतलब नहीं समझ सकी। दसौनी ने कहा कि अनुकृति गुसाई बहुत कमजोर कड़ी निकली। भारतीय जनता पार्टी के उत्पीड़न के सामने उन्होंने हथियार जल्दी रख दिए।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *