यूपी के सीएम योगी की माँ का निधन, पैतृक गाँव मे ली आखिरी सांस - News Debate

यूपी के सीएम योगी की माँ का निधन, पैतृक गाँव मे ली आखिरी सांस

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक

देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को पौड़ी गढ़वाल जिले के उनके पैतृक गांव पंचुर में निधन हो गया। योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी ने 91 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। बताया जाता है कि वह लम्बे समय से बीमार चल रही थी। 

मुख्यमंत्री धामी ने योगी की माँ के निधन पर जताया शोक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता श्रीमती सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माँ का स्नेह, ममता और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। माँ का निधन परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके समस्त परिजनों के साथ हैं। उन्होंने  बाबा केदार से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

 गांव में छोटे बेटे के साथ रहती थीं सावित्री देवी

सीएम योगी मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव के रहने वाले हैं। उनका परिवार आज भी इसी गांव में रहता है। योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का भी वर्ष 2020 में 89 साल की उम्र में निधन हो गया था। उनके निधन के करीब छह साल बाद अब मां सावित्री देवी के जाने से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

उम्र संबंधी दिक्कतों से जूझ रही थीं सावित्री देवी

सावित्री देवी की उम्र 91 साल थी और अधिक उम्र के चलते उन्हें अक्सर स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां रहती थीं। 14 मई 2024 को भी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। उस समय उन्हें जिरियाट्रिक वार्ड में रखा गया था। मां के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका हालचाल जानने एम्स ऋषिकेश पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *