35 यात्री सुरक्षित,समय रहते सभी को निकाला बाहर
देहरादून। हरिद्वार से देहरादून जा रही उत्तराखंड रोडवेज की एक बस में आग लग गयी। घटना नेपाली फार्म तिराहे के पास हुई। बस में कुल 35 यात्री सवार थे। चालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर उतार लिया गया।
घटनाक्रम के अनुसार उत्तराखंड रोडवेज की एक बस हरिद्वार से 35 सवारी लेकर देहरादून की ओर जा रही थी। जैसे ही बस नेपाली फार्म पहुंचती है उसमें से आग की लपटें और धुंआ निकलता हुआ दिखायी दिया। बस में आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चालक संदीप सिंह ने नेपाली फार्म चीता पुलिस के कांस्टेबल धर्मा लाल और अनुज चौधरी की मदद से से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर उतार लिया गया। इससे एक बड़ा हादसा होते होते टल गया। पुलिस ने एनएचएआई की टेंकर की मदद से बस में लगी आग को बुझाया। बस में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के बाद कुछ देर के लिए नेपाली फार्म तिराहे पर यातायात प्रभावित रहा। इस घटना में बस को ज्यादा नुक्सान नही पहुंचा है। वहीं आग बुझने के बाद लाल तप्पड़ और ऋषिकेश क्षेत्र से दमकल विभाग की दो गाडियां मौके पर पहुंची।