फर्जी भुगतान दिखाकर शोरूम से स्कूटी ठगने का आरोपी गिरफ्तार - News Debate

फर्जी भुगतान दिखाकर शोरूम से स्कूटी ठगने का आरोपी गिरफ्तार

डोईवाला। मोबाइल पर फर्जी भुगतान दिखाकर शोरूम से स्कूटी ठगने के मामले में डोईवाला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी गई स्कूटी और 2,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी ठगी समेत अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल जा चुका है।

कोतवाली पुलिस के अनुसार, गत 17 जून को मिस्सरवाला निवासी राहुल अग्रवाल ने कोतवाली डोईवाला में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कुलजीत सिंह सेठी नाम का व्यक्ति नई हीरो डेस्टिनी स्कूटी खरीदने के लिए शोरूम आया था। इस दौरान उसने अपने मोबाइल फोन पर फर्जी भुगतान विवरण दिखाकर स्कूटी प्राप्त कर ली। वही, शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाई ने बताया कि कुआंवाला स्थित रिवर वैली के पास चेकिंग के दौरान आरोपी कुलजीत सिंह सेठी निवासी पलटन बाजार, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से ठगी गई स्कूटी और संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने नशे और जुआ खेलने की लत होने की बात बताई। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने अपनी इन आदतों को पूरा करने के लिए ठगी की घटना को अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *