मासूम से दुष्कर्म के बाद जांच-कैमरों की बदइंतजामी से बढ़ी पुलिस की चुनौती - News Debate

मासूम से दुष्कर्म के बाद जांच-कैमरों की बदइंतजामी से बढ़ी पुलिस की चुनौती

आरोपी की तलाश में कई पुलिस टीमें सक्रिय-क्षेत्र के कई सीसीटीवी कैमरे बंद-चौराहों पर भी नहीं है निगरानी

रुड़की,8 अक्टूबर (अनिल पुंडीर):पिरान कलियर के रेन बसेरे में ठहरे परिवार की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ संदिग्धों से पूछताछ और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। हालांकि, कई प्रमुख स्थानों पर कैमरे बंद होने से पुलिस के सामने जांच को आगे बढ़ाने में चुनौती खड़ी हो रही है।दरगाह की और से क्षेत्र में जायरीन की सुरक्षा के लिए अलग-अलग स्थानों पर करीब 80 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं,लेकिन देखरेख के अभाव में कई कैमरे लंबे समय से बंद बताए जा रहे हैं। ऐसे में घटना के बाद पुलिस को आरोपी की गतिविधियों का पता लगाने के लिए दूसरे स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। वहीं नगर पंचायत की ओर से भी अब तक प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था नहीं की गई है।कलियर में रोजाना देश अलग-अलग हिस्सों से हजारों जायरीन पहुंचते हैं। हाल ही में उर्स भी संपन्न हुआ है।

ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में सीसीटीवी निगरानी की कमी पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस की टीमें आरोपी के हुलिए और संभावित गतिविधियों के आधार पर सुराग जुटा रही हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ संदिग्धों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर कैमरे लगाए जाने के साथ उनकी नियमित निगरानी और खराब कैमरों की तत्काल मरम्मत जरूरी है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया है और घटना से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी तक पहुंचने के लिए सभी संभावित सुरागों को खंगाला जा रहा है।उन्होंने बताया कि बन्द सीसीटीवी कैमरों के लिए भी पत्राचार कर चालू कराने की मांग की गई थी।तहसीलदार एव दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी से भी फोन पर वार्ता करने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने कॉल नही लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *